ग्वालियर : मध्य प्रदेश के ग्वालियर में एक युवक की जिंदा जलने की वजह से दुखद मौत हो गई। युवक अपने कमरे में नशा कर रह था। तभी अचानक आग की लपटों ने उसे अपनी आगोश में ले लिया। घटना मंगलवार रात करीब 11 बजे की है। इधर, दो मंजिला मकान में आग की उठती लपटों को देख परिजन तुरंत मदद के लिए पहुंचे, लेकिन तब तक देर हो चुकी थी।
नदी पार टाल का रहने वाला था विजय
घटना शहर के थाटीपुर थाना क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले नदीपार टाल इलाके की है। बताया जा रहा है कि 43 वर्षीय विजय अपने कमरे में बैठकर सुबह से नशा कर रह था। तभी अचानक कमरे में आग लग गई। जिसकी वजह से युवक की जिंदा जलकर मौत हो गई। मृतक मजदूरी करके अपना जीवनयापन करता था और अपने चारों भाइयों में सबसे छोटा था और घर के पिछले हिस्से में अकेले रहता था।
नशे में युवक बाहर नहीं निकल सका
इधर, हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस और दमकल की टीम मौके पर पहुंची और कड़ी मश्कत के बाद आग पर काबू पाया। पुलिस का कहना है कि नशे के दौरान युवक ने बीड़ी - सिगरेट जलाई होगी और तभी कमरे में आग लग गई होगी। नशे में होने के चलते युवक बाहर नहीं निकल सका और आग की चपेट में आ गया।
एक महीने पहले पत्नी की हुई थी मौत
इधर, घटना को लेकर परिजनों ने बताया कि करीब एक महीने पहले विजय की पत्नी का बीमारी के चलते निधन हो गया था। पत्नी की मौत के बाद वह गहरे सदमे और तनाव में रहने लगा था। इसी दौरान उसने शराब का सेवन भी शुरू कर दिया था।
परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल
फिलहाल पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मर्ग कायम कर मामले में आगे की जांच की जा रही है। इस दर्दनाक घटना के बाद पूरे नदीपार टाल इलाके में शोक का माहौल है। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है और आसपास के लोग भी इस हादसे से स्तब्ध हैं।