छत्तीसगढ़ के अंबिकापुर में शहीद चंद्रशेखर आजाद की प्रतिमा के अनावरण को लेकर विवाद गहरा गया है। इस पूरे मामले में सरगुजा युवा कांग्रेस के जिलाध्यक्ष विकल झा के खिलाफ कोतवाली थाना में एफआईआर दर्ज की गई है। यह कार्रवाई नगर निगम के सहायक अभियंता की शिकायत के आधार पर की गई है।
पुलिस के अनुसार, विकल झा पर शासकीय कार्य में बाधा डालने, भड़काऊ बयान देने और सोशल मीडिया पर ऐसा वीडियो साझा करने का आरोप है, जिससे सांप्रदायिक सौहार्द प्रभावित हो सकता है। एफआईआर में यह भी उल्लेख किया गया है कि प्रदर्शन के दौरान कुछ टिप्पणियां विवादित रही हैं, जिनसे माहौल बिगड़ने की आशंका जताई गई।
मुख्यमंत्री के कार्यक्रम से पहले हुआ अनावरण
जानकारी के मुताबिक, 9 अप्रैल को राज्य के मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय द्वारा प्रतिमा का आधिकारिक अनावरण प्रस्तावित था। लेकिन इससे एक दिन पहले ही विकल झा ने नगर निगम पर प्रतिमा की अनदेखी का आरोप लगाते हुए खुद ही प्रतिमा का अनावरण कर दिया। इस कदम के बाद मामला राजनीतिक रूप से तूल पकड़ गया और प्रदेशभर में इसको लेकर चर्चाएं शुरू हो गईं।
राजनीतिक बयानबाजी तेज
प्रतिमा अनावरण को लेकर हुए इस घटनाक्रम के बाद सत्ता और विपक्ष के बीच आरोप-प्रत्यारोप का दौर भी शुरू हो गया है। एक ओर जहां युवक कांग्रेस इस मामले को अपनी पहल बता रही है, वहीं दूसरी ओर प्रशासनिक कार्रवाई को नियमों के उल्लंघन से जोड़कर देखा जा रहा है।
बेमेतरा में भी हुई कार्रवाई
इस पूरे विवाद के बीच बेमेतरा जिले में भी युवक कांग्रेस से जुड़े एक अन्य नेता पर कार्रवाई की गई है। यहां पुलिस ने युवक कांग्रेस जिलाध्यक्ष प्रांजल तिवारी को हिरासत में लिया है।
बताया जा रहा है कि शहर में विरोध प्रदर्शन की योजना बनाई जा रही थी, जिससे कानून-व्यवस्था प्रभावित होने की आशंका थी। इसी को ध्यान में रखते हुए पुलिस ने एहतियातन कदम उठाते हुए यह कार्रवाई की।
कानून-व्यवस्था पर प्रशासन की नजर
प्रशासन का कहना है कि किसी भी स्थिति में कानून-व्यवस्था को बिगड़ने नहीं दिया जाएगा। सोशल मीडिया पर भड़काऊ सामग्री फैलाने और बिना अनुमति कार्यक्रम आयोजित करने पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।