दुबई: भारतीय टीम लगातार दूसरी और कुल 11वीं बार एशिया कप के फाइनल में पहुंच गई। उसने एशिया कप 2025 के सुपर-4 के अपने दूसरे मैच में बांग्लादेश को 41 रन से हराकर सबसे पहले खिताबी मुकाबले में जगह बनाई। भारत ने अभिषेक शर्मा (75) की आतिशी पारी के दम पर छह विकेट पर 168 का स्कोर बनाया। उन्होंने 51 गेंद में छह चौकों व पांच छक्कों से लगातार दूसरा अर्धशतक बनाया। इसके बाद कुलदीप यादव (18/3) और वरुण चक्रवर्ती (29/2) की शानदार गेंदबाजी के बूते बांग्लादेश को 127 रन पर ढेर कर दिया। बांग्लादेश की ओर से सैफ हसन ने सर्वाधिक 69 रन की पारी खेली।
अभिषेक ने लगाया 2 पारियों में अर्धशतक:
अभिषेक एशिया कप टी-20 में लगातार 2 पारियों में अर्धशतक लगाने वाले दूसरे भारतीय बने हैं। उनसे पहले विराट कोहली ऐसा कर चुके हैं।अभिषेक ने अब तक 22 टी-20 अंतरराष्ट्रीय मैच खेले हैं, जिसमें 37 28 की औसत और 197.72 की स्ट्राइक रेट के साथ 783 रन बनाए हैं। इस बीच उन्होंने 2 शतकों के अलावा 4 अर्धशतक लगाए हैं।
ज्यादा छक्के लगाने वाले बल्लेबाज:
एशिया कप में भारत के लिए सबसे ज्यादा छक्के लगाने वाले बैटर अभिषेक शर्मा है उन्होंने अपनी पारी के 5 मैच में 17 छक्के, रोहित शर्मा 9 मैच 12 छक्के अभिषेक टी20 एशिया कप में भारत की तरफ से सबसे ज्यादा छक्के लगाने वाले बल्लेबाज बन गए।
मुस्तफिजुर रहमान ने रचा इतिहास:
बांग्लादेश क्रिकेट टीम के तेज गेंदबाज मुस्तफिजुर रहमान ने एशिया कप 2025 में अपनी अहम उपलब्धि हासिल की है। दरअसल टी-20 अंतरराष्ट्रीय करियर के 150 विकेट उन्होंने पूरा कर लिया। उनके विकेटों का ये आंकड़ा छूने वाले विश्व के चौथे और बांग्लादेश के पहले गेंदबाज बने। सुपर-4 मुकाबले के दौरान भारतीय क्रिकेट टीम के कप्तान सूर्यकुमार यादव उनके 150वां शिकार बने। मुस्तफिजुर ने फिलहाल 118 टी-20 अंतरराष्ट्रीय मैचों की 117 पारियों में 150 विकेट पूरे किए हैं। इस बीच उन्होंने 2 मैचों में 5 विकेट हॉल भी लिए हैं। इस प्रारुप में उनका सर्वश्रेष्ठ गेंदबाजी प्रदर्शन 10 रन देते हुए 6 विकेट लेना रहा है। उन्होंने विकेटों के मामले में शाकिब अल हसन को पीछे छोड़ा है।