भोपाल: मध्यप्रदेश में सावन की शुरुआत झमाझम बारिश के साथ हुई है। प्रदेश में मानसून पूरी तरह सक्रिय हो गया है और मौसम विभाग के अनुसार एक साथ तीन मजबूत मानसूनी सिस्टम प्रभावी होने से अगले कुछ दिनों तक तेज बारिश का सिलसिला जारी रहने की संभावना है। इसके चलते कई जिलों में भारी से अति भारी वर्षा को लेकर अलर्ट जारी किया गया है। मौसम विभाग ने बताया कि प्रदेश में 2 अगस्त तक लगातार बारिश का दौर बना रह सकता है। इस दौरान कई क्षेत्रों में गरज-चमक के साथ तेज बारिश, बिजली गिरने और तेज हवाओं की भी संभावना जताई गई है।
इन जिलों में अति भारी बारिश का ऑरेंज अलर्ट
मौसम विभाग ने धार, देवास, बुरहानपुर, हरदा और नर्मदापुरम जिलों के लिए अति भारी बारिश का ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। इन इलाकों में जलभराव, नदी-नालों का जलस्तर बढ़ने और निचले क्षेत्रों में पानी भरने की आशंका है।
12 जिलों में भारी बारिश की चेतावनी
इसके अलावा उज्जैन, शाजापुर, सीहोर, बड़वानी, खरगोन, खंडवा, रायसेन, सागर, बैतूल, छिंदवाड़ा, पांढुर्णा और सिवनी जिलों में भारी बारिश का येलो अलर्ट जारी किया गया है। प्रशासन को सतर्क रहने और नागरिकों से आवश्यक सावधानी बरतने की अपील की गई है।
भोपाल, इंदौर समेत अधिकांश जिलों में बारिश के आसार
राजधानी भोपाल, इंदौर, ग्वालियर, जबलपुर, रीवा, सतना सहित प्रदेश के अधिकांश जिलों में गरज-चमक के साथ मध्यम से तेज बारिश होने का अनुमान है। मौसम विभाग के मुताबिक अगले चार दिनों तक प्रदेश में मौसम का यही मिजाज बना रहेगा।
लोगों के लिए मौसम विभाग की सलाह
लगातार बारिश और बिजली गिरने की आशंका को देखते हुए लोगों को अनावश्यक रूप से खुले स्थानों पर जाने से बचने, जलभराव वाले क्षेत्रों से दूरी बनाए रखने तथा मौसम विभाग द्वारा जारी एडवाइजरी का पालन करने की सलाह दी गई है।