Ramayana Trailer 2026: भारतीय सिनेमा की सबसे चर्चित फिल्मों में शामिल निर्देशक नितेश तिवारी की 'रामायण' का बहुप्रतीक्षित ट्रेलर आखिरकार रिलीज कर दिया गया है। करीब चार मिनट लंबे इस ट्रेलर को ब्रह्ममुहूर्त में लॉन्च किया गया, जिसने रिलीज होते ही सोशल मीडिया पर जबरदस्त चर्चा छेड़ दी। फिल्म के भव्य सेट, शानदार विजुअल इफेक्ट्स और दमदार बैकग्राउंड स्कोर ने दर्शकों का ध्यान अपनी ओर खींच लिया है। फिल्म में रणबीर कपूर भगवान श्रीराम, यश रावण, साई पल्लवी माता सीता, रवि दुबे लक्ष्मण और अरुण गोविल राजा दशरथ की भूमिका में नजर आ रहे हैं।
रावण के रौद्र रूप से होती है ट्रेलर की शुरुआत
ट्रेलर की शुरुआत लंका के पराक्रमी और अहंकारी राजा रावण से होती है। यश का लुक बेहद प्रभावशाली और शक्तिशाली दिखाई देता है। जटाधारी रावण स्वयं को तीनों लोकों का स्वामी बताते हुए अपने साम्राज्य की घोषणा करता है। उसके बढ़ते अत्याचारों से देवता और पृथ्वी के राजा चिंतित नजर आते हैं।
रणबीर कपूर के राम अवतार ने जीता दर्शकों का दिल
रावण के अत्याचारों से संसार को मुक्त कराने के लिए भगवान विष्णु, अयोध्या के राजकुमार राम के रूप में अवतार लेते हैं। ट्रेलर में रणबीर कपूर का शांत, गंभीर और मर्यादा पुरुषोत्तम स्वरूप दर्शकों को प्रभावित करता है। उनके साथ लक्ष्मण बने रवि दुबे भी कई एक्शन सीक्वेंस में दिखाई देते हैं।
वनवास और सीता संग भावनात्मक पल
ट्रेलर में भगवान राम के 14 वर्ष के वनवास की झलक भी दिखाई गई है। कैकेयी के वचन के कारण राम वन जाने का निर्णय लेते हैं और माता सीता भी उनके साथ वनवास का मार्ग चुनती हैं। इन दृश्यों में भावनात्मक गहराई साफ महसूस होती है।
साई पल्लवी और अन्य कलाकारों की पहली झलक
माता सीता के रूप में साई पल्लवी की पहली झलक को दर्शकों ने काफी पसंद किया है। वहीं रकुल प्रीत सिंह शूर्पणखा के किरदार में नजर आती हैं। कलाकारों की वेशभूषा और लुक्स को पौराणिक शैली के अनुरूप तैयार किया गया है।
VFX और संगीत बना ट्रेलर की सबसे बड़ी ताकत
फिल्म में अयोध्या और लंका की भव्य दुनिया को आधुनिक तकनीक के जरिए जीवंत बनाया गया है। विशाल जटायु, ऐरावत और अन्य पौराणिक दृश्यों को शानदार VFX के साथ प्रस्तुत किया गया है। विजुअल इफेक्ट्स की जिम्मेदारी ऑस्कर विजेता स्टूडियो DNEG ने संभाली है। संगीत की बात करें तो पहली बार ए.आर. रहमान और हॉलीवुड के प्रसिद्ध संगीतकार हैंस जिमर ने साथ मिलकर फिल्म का म्यूजिक तैयार किया है। ट्रेलर का बैकग्राउंड स्कोर इसकी भव्यता को और बढ़ाता है।
हनुमान की झलक नहीं आई नजर
ट्रेलर में भगवान हनुमान का किरदार नहीं दिखाया गया है। माना जा रहा है कि मेकर्स ने इस महत्वपूर्ण किरदार को फिल्म के अगले चरण के लिए सुरक्षित रखा है। फिल्म में भगवान हनुमान की भूमिका सनी देओल निभा रहे हैं।
कब रिलीज होगी 'रामायण'?
निर्देशक नितेश तिवारी इस महाकाव्य को दो भागों में बड़े पर्दे पर लेकर आ रहे हैं। रामायण पार्ट 1 दिवाली 2026 और रामायण पार्ट 2 दिवाली 2027 में रिलीज होगी, महर्षि वाल्मीकि की अमर गाथा पर आधारित यह फिल्म आधुनिक तकनीक और भव्य प्रस्तुति के साथ भारतीय सिनेमा की सबसे बड़ी फिल्मों में से एक मानी जा रही है।