नई दिल्ली। देश के चर्चित NEET पेपर लीक मामले में शुक्रवार को फास्ट ट्रैक कोर्ट में सुनवाई आगे नहीं बढ़ सकी। केंद्रीय जांच ब्यूरो (CBI) आवश्यक दस्तावेज और गवाहों की पूरी सूची अदालत के समक्ष प्रस्तुत नहीं कर सकी, जिसके चलते विशेष अदालत ने मामले की अगली सुनवाई 3 अगस्त 2026 तय की है। विशेष न्यायाधीश अनु गोयल बलीगा ने सीबीआई को निर्देश दिया कि वह तीन दिनों के भीतर सभी लंबित दस्तावेज, गवाहों के बयान और अन्य जरूरी रिकॉर्ड अदालत में जमा करे, ताकि अगली सुनवाई के दौरान न्यायिक प्रक्रिया बिना किसी बाधा के आगे बढ़ सके।
20 हजार पन्नों की चार्जशीट, लेकिन रिकॉर्ड अब भी अधूरा
सीबीआई ने इस हाई-प्रोफाइल मामले में करीब 20 हजार पन्नों की चार्जशीट दाखिल की है। हालांकि, आरोपपत्र के साथ जुड़े कई महत्वपूर्ण दस्तावेज, गवाहों के बयान और अन्य साक्ष्य अभी तक अदालत में प्रस्तुत नहीं किए गए हैं। इसी वजह से अदालत को सुनवाई स्थगित करनी पड़ी। जांच एजेंसी की चार्जशीट में राष्ट्रीय परीक्षा एजेंसी (NTA) के किसी अधिकारी या अन्य सरकारी कर्मचारी को आरोपी नहीं बनाया गया है।
360 गवाहों और 422 दस्तावेजों पर आधारित जांच
सीबीआई का दावा है कि उसने पेपर लीक की पूरी साजिश का पर्दाफाश कर दिया है। जांच में प्रश्नपत्र तैयार करने वाले विशेषज्ञों, बिचौलियों और कथित रूप से लाभ लेने वाले अभ्यर्थियों की भूमिका सामने आई है।जांच के प्रमुख तथ्य में 360 गवाहों के बयान दर्ज किए गए। 422 दस्तावेजों को साक्ष्य के रूप में शामिल किया गया। 43 भौतिक साक्ष्य जब्त किए गए। इस मामले के सभी आरोपी फिलहाल न्यायिक हिरासत में हैं।
72 अधिकारियों और साइबर विशेषज्ञों की टीम ने संभाली जांच
सीबीआई ने इस मामले की जांच के लिए 72 अधिकारियों और कर्मचारियों की विशेष टीम गठित की थी। इनके साथ 8 साइबर फॉरेंसिक विशेषज्ञों को भी जोड़ा गया। जांच के दौरान दिल्ली, महाराष्ट्र, राजस्थान, हरियाणा सहित कई राज्यों में 92 स्थानों पर छापेमारी की गई। इस कार्रवाई में डिजिटल डिवाइस, महत्वपूर्ण दस्तावेज, बैंक खातों, लॉकर और एक डीमैट खाते को भी जांच के दायरे में लेकर फ्रीज किया गया।
3 अगस्त को होगी अगली सुनवाई
फास्ट ट्रैक कोर्ट ने अब इस मामले की अगली सुनवाई 3 अगस्त 2026 निर्धारित की है। यदि सीबीआई तय समय सीमा के भीतर सभी आवश्यक दस्तावेज अदालत में प्रस्तुत कर देती है, तो आरोप तय करने और आगे की न्यायिक प्रक्रिया शुरू होने की संभावना है।