ग्वालियर : मध्य प्रदेश में हवाई सेवा को बढ़ावा देने के लिए एयर लाइन द्वारा लगातार नई नई उड़ाने शुरू की जा रही है। ताकि लोग आसानी से अपना सफर पूरा कर सके। इसी कड़ी में आज ग्वालियर से दिल्ली और बेंगलुरु की अतिरिक्त हवाई सेवा शुरू की गई है। जिसका उद्घाटन केंद्रीय संचार एवं पूर्वोत्तर क्षेत्र विकास मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया ने दिल्ली से वर्चुअली किया।
आज का दिन ग्वालियर के लिए ऐतिहासिक- सिंधिया
इधर, ग्वालियर-दिल्ली-बेंगलुरु की नई उड़ान सेवा शुरू करने को लेकर सिंधिया ने कहा कि आज का दिन ग्वालियर के लिए ऐतिहासिक है। यह केवल एक हवाई सेवा की शुरुआत नहीं, बल्कि ग्वालियर के आत्मविश्वास, विकास की रफ्तार और नए भारत की पहचान की है। सिंधिया ने कहा कि अब ग्वालियर से दिल्ली और बेंगलुरु के लिए हवाई कनेक्टिविटी और मजबूत हो गई है। अब तक यहाँ से इंडिगो की उड़ानें सप्ताह में केवल तीन दिन (मंगलवार, गुरुवार और शनिवार) संचालित हो रही थीं, लेकिन अब अकासा एयर के जुड़ने से सोमवार, बुधवार और शुक्रवार को भी उड़ान उपलब्ध होगी।
अब सप्ताह में 6 दिन मिलेगी हवाई सेवा
अब सप्ताह में 6 दिन सीधी हवाई सेवा शुरू होने से यात्रियों को बड़ी राहत मिलेगी। सिंधिया ने आमजन से इस सेवा का भरपूर उपयोग करने का आह्वान किया। इस मौके पर प्रदेश सरकार में मंत्री प्रद्युम्न सिंह तोमर, विधायक मोहन सिंह राठौड़, सहित स्थानीय जनप्रतिनिधि भी उपस्थित रहे।
टिकट के लिए ऑनलाइन बुकिंग शुरू
वर्तमान समय में ग्वालियर से बेंगलुरु के लिए एयर इंडिया की फ्लाइट सप्ताह में 3 दिन यानी मंगलवार, गुरुवार और शनिवार को संचालित होती है. नई विमान सेवा शुरू होने के बाद अब और तीन दिन यानी सोमवार, बुधवार और शुक्रवार को हवाई यात्रा कर पाएंगे. यह फ्लाइट तीनों दिन सुबह 10:40 बजे आकर सुबह 10:50 तक रवाना होगी. इसके टिकट के लिए ऑनलाइन बुकिंग भी शुरू हो गई है, अब यात्रियों को रविवार के अलावा सप्ताह में 6 दिन बेंगलुरु और दिल्ली के सीधी फ्लाइट मिलेगी
बेहतर कनेक्टिविटी से शहर को मिलेगी नई पहचान
इधर, नई उड़ान सेवा से ग्वालियर क्षेत्र में आर्थिक गतिविधियों को बढ़ावा मिलेगा। पर्यटन, निवेश और उद्योग के क्षेत्र में भी सकारात्मक प्रभाव देखने को मिलेगा। बेहतर कनेक्टिविटी से शहर की पहचान और विकास को नई गति मिलने की उम्मीद है।