बीजापुर। छत्तीसगढ़ के बीजापुर जिले से जुड़े महाराष्ट्र के गढ़चिरौली सीमा क्षेत्र के अबूझमाड़ जंगलों में सुरक्षाबलों और नक्सलियों के बीच जारी मुठभेड़ में बड़ी सफलता मिली है। जानकारी के मुताबिक इस कार्रवाई में दो पुरुष और एक महिला सहित तीन नक्सली मारे गए हैं। सूत्रों के अनुसार मुठभेड़ स्थल से नक्सलियों के शवों के साथ एक AK-47 राइफल और एक SLR हथियार बरामद किया गया है। बरामद हथियारों से संकेत मिलता है कि नक्सली किसी बड़े हमले की तैयारी में थे।
C60 के तीन जवान घायल, हालत स्थिर:
इस ऑपरेशन के दौरान C60 कमांडो के तीन जवान घायल भी हुए हैं। घायल जवानों को प्राथमिक उपचार देने के बाद सुरक्षित स्थान पर शिफ्ट किया गया है। अधिकारियों के अनुसार सभी जवानों की हालत फिलहाल स्थिर बताई जा रही है।
लगातार सर्चिंग और एरिया डॉमिनेशन जारी:
गुरुवार से शुरू हुआ यह अभियान अब निर्णायक चरण में पहुंच चुका है। सुरक्षाबल अबूझमाड़ और गढ़चिरौली से लगे सीमावर्ती जंगलों में सघन सर्चिंग और एरिया डॉमिनेशन ऑपरेशन चला रहे हैं। पूरे घटनाक्रम पर वरिष्ठ अधिकारियों की लगातार निगरानी बनी हुई है। सुरक्षा एजेंसियों का मानना है कि इस कार्रवाई से क्षेत्र में नक्सली गतिविधियों पर बड़ा असर पड़ेगा और आने वाले दिनों में और महत्वपूर्ण सफलता मिल सकती है।