बैतूल : मध्य प्रदेश के बैतूल से इस वक़्त की बड़ी खबर सामने आ रही है। जहां दूध और केला खाने से 25 से 30 बच्चों की तबीयत बिगड़ गई। सभी बच्चे ग्राम भाडरी स्थित कुटीर संस्था में रहते थे। जिन्हे उल्टी और घबराहट की शिकायत के बाद सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र भीमपुर में भर्ती कराया गया। सभी बच्चों का चिकित्सकीय निगरानी में उपचार जारी है।
सुबह नाश्ते में बच्चों ने खाये थे दूध और केले
प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक, सुबह नाश्ते में बच्चों ने दूध और केले का सेवन किया था। जिसके बाद उनकी तबियत एक एक कर बिगड़ने लगी। डॉक्टर्स ने फूड पॉइजनिंग की आशंका जताई है। हालांकि, बच्चों की स्थिति बिगड़ने के वास्तविक कारणों की पुष्टि जांच के बाद ही हो सकेगी।
मौके पर पहुंचे कलेक्टर
घटना की जानकारी मिलने पर मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. संजीव शर्मा अस्पताल पहुंचे और बच्चों के स्वास्थ्य की जानकारी ली। वहीं, जिला कलेक्टर ने भी पूरे मामले का संज्ञान लेते हुए बच्चों की स्थिति के बारे में जानकारी प्राप्त की।
बच्चों का इलाज जारी
राहत की बात यह है कि सभी बच्चों की हालत खतरे से बाहर बताई जा रही है। घटना के बाद संस्था में दिए गए भोजन और खाद्य सामग्री की गुणवत्ता को लेकर सवाल उठ रहे हैं। तो वही खाने के सैंपल को जांच के लिए भेज दिए गए है। जिसकी रिपोर्ट सामने आने के बाद कारणों का खुलासा हो सकेगा। फिलहाल प्रशासन और स्वास्थ्य विभाग की निगरानी में बच्चों का इलाज जारी है।