हनोई। वियतनाम के फु क्वोक द्वीप के पास हुए दर्दनाक स्पीडबोट हादसे में 15 भारतीय पर्यटकों की मौत के बाद स्थानीय प्रशासन ने सख्त कार्रवाई शुरू कर दी है। पुलिस ने स्पीडबोट के 57 वर्षीय कैप्टन गुयेन होंग हाई को हिरासत में लेकर आपराधिक जांच शुरू कर दी है। शुरुआती जांच में जलमार्ग सुरक्षा नियमों के उल्लंघन की आशंका जताई गई है। भारतीय दूतावास ने भी पुष्टि की है कि हादसे में जान गंवाने वाले सभी भारतीय नागरिकों के शवों को स्वदेश भेजने की प्रक्रिया तेज कर दी गई है। वहीं एक घायल पर्यटक का इलाज वियतनाम के अस्पताल में जारी है।
कैसे हुआ हादसा?
यह हादसा शनिवार को उस समय हुआ जब भारतीय पर्यटकों से भरी स्पीडबोट फु क्वोक द्वीप के पास समुद्री यात्रा पर निकली थी। नाव में 32 भारतीय पर्यटक और चार क्रू सदस्य सवार थे। बताया जा रहा है कि किनारे से लगभग 400 मीटर की दूरी पर अचानक तेज लहरों के बीच नाव का संतुलन बिगड़ गया और वह पलट गई। हादसे में 15 भारतीय पर्यटकों की डूबने से मौत हो गई, जबकि 16 लोगों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया। बचाए गए अधिकांश यात्रियों को प्राथमिक उपचार के बाद अस्पताल से छुट्टी दे दी गई है। हालांकि एक घायल की हालत अब भी गंभीर बनी हुई है।
कैप्टन पर क्या हैं आरोप?
वियतनाम पुलिस ने स्पीडबोट चालक को हिरासत में लेकर जांच शुरू कर दी है। जांच एजेंसियां यह पता लगाने में जुटी हैं कि हादसा चालक की लापरवाही, सुरक्षा मानकों की अनदेखी या किसी तकनीकी खराबी के कारण हुआ। साथ ही हादसे के समय मौसम की स्थिति और सुरक्षा इंतजामों की भी जांच की जा रही है।
मोबाइल कंपनी की बिजनेस ट्रिप पर गए थे पर्यटक
जानकारी के अनुसार, सभी भारतीय पर्यटक एक मोबाइल कंपनी की ओर से आयोजित बिजनेस ट्रिप के तहत वियतनाम पहुंचे थे। द्वीपों की सैर के लिए उन्हें अलग-अलग नावों में भेजा जा रहा था। इसी दौरान पहली स्पीडबोट समुद्र की तेज लहरों की चपेट में आकर पलट गई, जिससे यह बड़ा हादसा हो गया।
भारतीय दूतावास कर रहा समन्वय
भारतीय दूतावास ने बताया कि मृतकों के शवों को पहले हो ची मिन्ह सिटी ले जाया गया है। वहां कानूनी और औपचारिक प्रक्रियाएं पूरी होने के बाद विशेष विमान के जरिए भारत भेजा जाएगा। दूतावास लगातार वियतनाम प्रशासन और मृतकों के परिजनों के संपर्क में बना हुआ है।
मृतकों में किन राज्यों के लोग शामिल?
भारतीय दूतावास की ओर से जारी सूची के अनुसार हादसे में जान गंवाने वालों में तमिलनाडु 10, आंध्र प्रदेश 3, केरल 2 शामिल हैं। इस हादसे ने इन राज्यों के कई परिवारों को गहरे सदमे में डाल दिया है।
जांच में किन पहलुओं पर फोकस?
वियतनाम की जांच एजेंसियां कई बिंदुओं पर जांच कर रही हैं, जिनमें स्पीडबोट की तकनीकी स्थिति, सुरक्षा उपकरणों की उपलब्धता, चालक की जिम्मेदारी, मौसम और समुद्री परिस्थितियां, सुरक्षा नियमों का पालन जरुरी है, यदि जांच में लापरवाही साबित होती है तो संबंधित लोगों के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की जा सकती है।