भोपाल : केरलम में एक तरफा जीत हासिल करने के बाद आज वीडी सतीशन ने सीएम पद की शपथ ग्रहण कर ली है। वीडी सतीशन ने अपने 20 मंत्रियो के साथ 18 मई को तिरुवनंतपुरम के सेंट्रल स्टेडियम में मुख्यमंत्री पद की शपथ ली। इस दौरान कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे, लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी, सांसद प्रियंका गांधी वाड्रा और कांग्रेस के अन्य नेता मौके पर मौजूद रहे।
राज्यपाल राजेंद्र विश्वनाथ अर्लेकर ने दिलाई शपथ
बता दें कि सुबह करीब 10 बजे के आस पास राज्यपाल राजेंद्र विश्वनाथ अर्लेकर ने सतीशन को मुख्यमंत्री पद की शपथ दिलाई। इसमें इंडियन यूनियन मुस्लिम लीग के पांच, कांग्रेस के 11 मंत्री और यूडीएफ के अन्य गठबंधन सहयोगियों को भी शामिल किया गया है।
महिलाओं के लिए मुफ्त बस यात्रा की सुविधा होगी शुरू
इधर, सीएम बनते ही मुख्यमंत्री वीडी सतीशन ने महिलाओं के हित में बड़ा ऐलान करते हुए कहा कि 15 जून से राज्य में महिलाओं के लिए मुफ्त बस यात्रा शुरू की जाएगी। इसके साथ ही आशा कार्यकर्ताओं के मानदेय में 3 हजार की बढ़ोतरी की जाएगी। इसके साथ ही वरिष्ठ नागरिकों के लिए जल्द ही एक मंत्रालय भी बनाया जाएगा।
इन मंत्रियों ने ली शपथ
वीडी सतीशन के साथ कांग्रेस के सन्नी जोसेफ, रमेश चेन्निथला, ए पी अनिल कुमार, के मुरलीधरन, पीसी विष्णुनाथ, बिंदु कृष्णा, टी सिद्दीकी, के ए तुलसी, एम लीजू, रोजी एम जॉन, ओजे जनिश शपथ लेते नजर आए।
इनके साथ आईयूएमएल के इन शमसुद्दीन, पीके बशीर, कुन्हालीकुट्टी, अब्दुल गफूर ने मंत्री पद की शपथ ली। अन्य सहयोगियों में केरल कांग्रेस के मॉन्स जोसेफ, रेवोल्यूशनरी सोशलिस्ट पार्टी के शिबू बेबी जॉन, केरल कांग्रेस के अनूप जैकब और कम्युनिस्ट मार्क्सवादी के सीपी जोन भी नामित मंत्रियों में शामिल हैं।