सीधी : सीधी जिले के रामपुर नैकिन न्यायालय परिसर में सोमवार शाम हुए एक दर्दनाक हादसे में दो लोगों की दुखद मौत हो गई, जबकि 2 लाग गंभीर रूप से घायल हो गए। जिन्हे तुरंत रेस्क्यू कर इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती करवाया गया। जहां दोनों की हालत गंभीर बनी हुई है।
जनजार भवन की दीवार भरभराकर कर गिरी
दरअसल, कुछ लोग सोमवार को न्यायिक कार्यों के सिलसिले में रामपुर नैकिन न्यायालय पहुंचे थे। तभी अचानक बारिश शुरू हो गई, जिससे बचने के लिए 4 लोग न्यायालय परिसर में बने भवन के अंदर चले गए तभी अचानक भवन की दीवार भरभराकर गिर पड़ी। जिसकी चपेट में आने की वजह से 2 लोगों की मौत हो गई, जबकि 2 लोग घायल हो गए। जिनकी चीख पुकार सुनकर लोग तुरंत मदद के लिए पहुंचे और पुलिस को पूरी घटना की जानकारी दी।
हादसा शाम 4 बजे के आस पास हुआ
मौके पर पहुंची पुलिस ने तुरंत बचाव कार्य शुरू किया और सभी को अस्पताल में भर्ती करवाया। जहां डॉक्टर ने दो को मृत घोषित कर दिया, जबकि 2 लोगों का इलाज जारी है। हादसा शाम 4 बजे के आस पास हुआ।
दो की मौके पर मौत, दो का इलाज जारी....
बता दें कि इस हादसे में सुखसेन केवट की मौके पर ही मौत हो गई। वह अपने बेटे राजेश केवट के साथ न्यायालय आए हुए थे। मलबे में दबने से राजेश गंभीर रूप से घायल हो गया। दूसरा मृतक रामसजीवन साहू है। वह अपने बड़े भाई सजाही साहू के साथ न्यायिक काम से आया था। जिसमें सजाही साहू को गंभीर चोटें आई हैं। दोनों घायलों को प्राथमिक उपचार के बाद जिला अस्पताल रेफर किया गया है।
सरकारी जर्जर भवनों का निरीक्षण जारी
प्रशासन को निर्देश दिए गए हैं कि क्षेत्र के सभी सरकारी जर्जर भवनों का तत्काल निरीक्षण कर आवश्यक मरम्मत एवं सुरक्षा संबंधी कार्य प्राथमिकता के आधार पर सुनिश्चित किए जाए, ताकि भविष्य में इस प्रकार की दुर्घटनाओं को रोका जा सके।