ग्वालियर। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव कल यानि की 2 सितंबर को ग्वालियर दौरे पर रहेंगे। जिसके चलते शहर के यातायात व्यवस्था में बदलाव किया गया है। ट्रैफिक और डायवर्जन प्लान सोमवार रात से लागू हो जाएगा। ऐसे में प्रशासन ने लोगों से घर से बाहर निकालने से पहले ट्रैफिक व्यवस्था पर एक नजर डालने की अपील की है।
सुबह 9:00 से शाम 5:00 बजे तक डायवर्सन प्लान रहेगा लागू
दरअसल, 2 सितंबर 2026 को ‘बलराम जयंती’ जिसे किसान दिवस के रूप में भी मनाया जाएगा। इसका आयोजन ग्वालियर के मेला परिसर में किया गया है। जिसके चलते शहर में कल सुबह 9:00 से शाम 5:00 बजे तक डायवर्सन प्लान लागू रहेगा।
भारी वाहनों के प्रवेश पर रहेगा प्रतिबंध
इतना ही नहीं मुख्यमंत्री के भ्रमण और कार्यक्रम के दौरान शहर में भारी वाहनों के प्रवेश पर प्रतिबंध रहेगा। अलग-अलग दिशाओं से आने वाले वाहनों को निर्धारित वैकल्पिक मार्गों से निकाला जाएगा, ताकि यातायात व्यवस्था सुचारु बनी रहे।
भारी वाहनों पर पूरी तरह प्रतिबंध, भिंड-मुरैना का रूट बदला
- भारी वाहन: वीआईपी भ्रमण के दौरान शहर में सभी प्रकार के भारी वाहनों का प्रवेश पूर्णतः प्रतिबंधित रहेगा।
- भिंड व मालनपुर की ओर से आने वाले वाहन: सुबह 10 बजे से शाम 5 बजे तक लक्ष्मणगढ़ पुल होते हुए निरावली, अटल गेट, जलालपुर चौराहा से सागरताल की ओर होकर शहर में प्रवेश करेंगे।
- भिंड से आने-जाने वाली बसें: सुबह 9 बजे से शाम 5 बजे तक लक्ष्मणगढ़ पुल से डीडी नगर एवं गोला का मंदिर चौराहे की तरफ पूरी तरह प्रतिबंधित रहेंगी।
- मुरैना से बस स्टैंड/रेलवे स्टेशन/मुरार जाने वाले चार पहिया वाहन: मलगढ़ा से चार शहर का नाका, हजीरा चौराहा (या सिमको तिराहा-बिरला नगर पुल) होकर इंटेक मैदान, चौहान केन, नया ब्रिज, केशर टावर होते हुए जा सकेंगे।
- मुरैना से फूलबाग/डीबी मॉल जाने वाले वाहन: निरावली से प्रवेश कर रायरू, अटल द्वार, जलालपुर, सागरताल चौराहा से बहोड़ापुर होते हुए निकलेंगे।
पूर्णतः बंद एवं प्रतिबंधित मार्ग
वीआईपी कार्यक्रम के दौरान निम्नलिखित मार्ग पूरी तरह से प्रतिबंधित रहेंगे:
- दूध डेयरी से इंद्रमणि नगर मार्ग
- दुल्लपुर रोड (दर्शनसिंह मार्ग) से सूर्यनमस्कार तिराहा मार्ग
- आकाशवाणी तिराहा, परशुराम तिराहा से तानसेन तिराहा तक का मार्ग