भोपाल : मध्य प्रदेश में मानसून कमजोर पड़ने के चलते बारिश का दौर जहां थम सा गया है। तो वही प्रदेश में अगले 3 दिनों तक मौसम साफ़ रहेगा। जिसके चलते धूप और उमस लोगों की परेशानी बढ़ा सकती है। हालांकि मौसम विभाग ने आज राज्य के किसी भी हिस्से के लिए बारिश का अलर्ट जारी नहीं किया गया है।
3 दिन तेज बारिश नहीं
लेकिन शाम होते ही मौसम का मिजाज बदलेगा और सीधी, सिंगरौली, रीवा, अनूपपुर, सतना, उमरिया, शहडोल, डिंडौरी, जबलपुर, कटनी, सिवनी, मंडला और बालाघाट सहित कुछ जगहों पर हल्की बारिश हो सकती है। तो वही दिन के समय मौसम साफ रहेगा।
बादल छंटते ही धूप और उमस ने किया बेहाल
मौसम विशेषज्ञों के मुताबिक, अगले तीन दिनों तक प्रदेश में इसी तरह का मौसम बने रहने की संभावना है। इस दौरान बारिश की गतिविधियां सीमित रह सकती हैं और तापमान में बढ़ोतरी देखने को मिल सकती है। बताया जा रहा है कि मानसून ट्रफ अपनी सामान्य स्थिति से दूर बनी हुई है, जबकि फिलहाल कोई मजबूत मौसमी सिस्टम सक्रिय नहीं है।
कोई बड़ा सिस्टम एक्टिव नहीं
मौसम विभाग के मुताबिक फिलहाल मध्य प्रदेश में बारिश कराने वाला कोई सिस्टम सक्रिय नहीं है। पश्चिमी हिस्से में एक साइक्लोनिक सर्कुलेशन जरूर बना हुआ है, लेकिन इसका प्रदेश में खास असर देखने को नहीं मिल रहा है। इसी वजह से बुधवार को अधिकांश जिलों में तेज धूप खिली रही। भोपाल में भी अचानक बदले मौसम से लोगों को उमस और गर्मी का सामना करना पड़ा।