MP Bjp Politics : मध्यप्रदेश के पचमढ़ी में आयोजित किए गए बीजेपी प्रशिक्षण शिविर का समापन बीते सोमवार को हो चुका है। शिविर के अंतिम दिन केन्द्रीय रक्षामंत्री राजनाथ ने नेताओं को संबोधित करते हुए किया। तीन दिन चले प्रशिक्षण शिविर के दौरान मंत्री, सांसदों और विधायकों को बारीकी से प्रशिक्षण दिया गया और नेताओं को अपनी जुबान पर लगाम लगाने और जनता से बेहतर संवाद करने की नसीहत दी गई।
नेताओं पर संगठन की नजर
बीजेपी नेताओं की पाठशाला खत्म होने के बाद अब पार्टी नेताओं पर प्रदेश संगठन की नजर रहेगी। बताया जा रहा है कि संगठन के नेता मंत्री, सांसदों और विधायकों की पल पल की खबर रखेंगे। बीजेपी सूत्रों का कहना है कि पार्टी नेताओं के बयानों पर नजर रखने के लिए सिस्टम को अपग्रेट करने का फैसला लिया गया है।
दिनचर्या पर रहेगी नजर
सूत्रों के अनुसार पार्टी नेताओं को केंद्रीय नेतृत्व ने सर्तक रहने की नसीहत दी है। नेताओं की दिनचर्या और उनके सोशल मीडिया पर अब संगठन की नजर रहेगी। इसके अलावा सूत्रों की माने तो सांसद विधायकों को पार्टी गाइडलाइन का उल्लंघन करने पर कार्यवाई करने की बात कही गई है।
हम जनसेवक हैं ‘शासक’ नही
केंद्रीय मंत्री राजनाथ सिंह ने शिविर के अंतिम दिन कहा है कि सांसद और विधायक हमेशा संगठन से जुड़े रहें। संगठन तब भी था, जब सत्ता नहीं थी। इसलिए कार्यकर्ताओं को सम्मान दें, प्रेम से मिलें और उनकी बात सुनें। उन्होंने कहा कि भाजपा की असली ताकत जनता का भरोसा और कार्यकर्ताओं का परिश्रम ही है। जनता की सेवा हमारे डीएनए में है, हम जनसेवक हैं शासक नहीं है। जनता का भरोसा और कार्यकर्ताओं का परिश्रम ही भाजपा की असली ताकत है।
बड़ी रखे सोच : राजनाथ
केंद्रीय मंत्री राजनाथ ने कहा कि जरूरत इस बात की है कि हम जनता का भरोसा जीतें और हर संकट के समय सबसे पहले जनता के बीच पहुंचें। उन्होंने कहा कि अपनी सोच को बड़ा रखिए, अपनी दृष्टि को बड़ा कीजिए। महापुरूषों की विचारधारा को आगे बढ़ाकर राष्ट्र निर्माण का कार्य करें। हमारा उद्देश्य सत्ता प्राप्ति नहीं, जनता की सेवा है, इसलिए हमने अपने विचारों से कभी समझौता नहीं किया। हमारी कथनी और करनी में कोई अंतर नहीं, इसलिए भाजपा विश्व की सबसे बड़ी पार्टी बनी। हमारे लिए राष्ट्र निर्माण और विचारधारा सबसे प्रथम है। उन्होंने कहा कि मध्यप्रदेश का आदर्श कार्यकर्ता है, कभी मर्यादाएं नहीं तोड़ता है।