टीकमगढ़ : मध्य प्रदेश के टीकमगढ़ में बुधवार देर रात हुए भीषण सड़क हादसे में एक युवक की मौत हो गई, जबकि उसका दोस्त गंभीर रूप से घायल हो गया। बताया जा रहा है कि दोनों दोस्त बाइक से कही जा रहे थे। इस दौरान उनकी बाइक अनियंत्रित होकर डिवाइडर से जा टकराई। जिसकी वजह से एक की मौके पर मौत हो गई, जबकि दूसरा गंभीर रूप से घायल हो गया।
बाइक तेज रफ्तार में थी
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, बाइक तेज रफ्तार में थी और अनियंत्रित होकर डिवाइडर से जा टकराई। डिवाइडर पर लगी नुकीली लोहे की पत्तियां राहुल की गर्दन और सीने में घुस गईं। इससे उसकी गर्दन आधी कट गई और अत्यधिक रक्तस्राव के कारण मौके पर ही मौत हो गई।
दूसरे का इलाज अस्पताल में जारी
स्थानीय लोगों का कहना है कि यदि डिवाइडर पर ये नुकीली लोहे की पत्तियां नहीं होतीं, तो शायद युवक की जान बच सकती थी। घटना की सूचना मिलते ही कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने गंभीर रूप से घायल दूसरे युवक को जिला अस्पताल पहुंचाया, जहां उसका इलाज चल रहा है।
नुकीली लोहे की पत्तियों को निकालने की मांग
इधर, लोगों ने जिला प्रशासन और कलेक्टर से मांग की है कि शहर के विभिन्न डिवाइडरों पर लगी नुकीली लोहे की पत्तियों और संरचनाओं को तत्काल हटाया जाए, ताकि भविष्य में इस तरह की दुखद घटनाओं को रोका जा सके।