रायपुर। दिल्ली में NEET पेपर लीक को लेकर हुए विरोध प्रदर्शन की गूंज अब छत्तीसगढ़ में भी सुनाई दे रही है। राजधानी रायपुर में प्रदर्शन के बाद पुलिस ने युवा कांग्रेस और एनएसयूआई के कई पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं के खिलाफ मामला दर्ज किया है। सिविल लाइन थाना पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता (BNS) की विभिन्न धाराओं के तहत एफआईआर दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
इन धाराओं के तहत दर्ज हुआ मामला
पुलिस के मुताबिक, प्रदर्शन के दौरान शासकीय कार्य में बाधा डालने, कानून-व्यवस्था प्रभावित करने और सार्वजनिक मार्ग अवरुद्ध करने के आरोप सामने आए हैं। इन्हीं आरोपों के आधार पर भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 121(1), 126(2), 132, 191(2) और 221 के तहत अपराध पंजीबद्ध किया गया है।
इन नेताओं और कार्यकर्ताओं के नाम शामिल
एफआईआर में युवा कांग्रेस और एनएसयूआई से जुड़े कई पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं को नामजद किया गया है। इनमें नीरज पांडे, अमित शर्मा, संस्कार पांडे, तारीख अनवर, कुणाल दुबे, प्रशांत गोस्वामी और रामायण सिंह सहित अन्य लोगों के नाम शामिल हैं।
पुलिस ने शुरू की जांच
सिविल लाइन थाना पुलिस का कहना है कि मामले की जांच जारी है। प्रदर्शन के दौरान उपलब्ध वीडियो फुटेज, दस्तावेजों और अन्य साक्ष्यों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी। पुलिस पूरे घटनाक्रम की जांच कर रही है और आवश्यकता पड़ने पर अन्य संबंधित लोगों की भूमिका भी जांच के दायरे में लाई जा सकती है।