Rahul Gandhi in Bhopal : मध्यप्रदेश की राजनीति में देश की प्रमुख पार्टी कांग्रेस बीते करीब 15 सालों से सत्ता से बाहर है। पार्टी अपनी पूरी कोशिशों के बावजूद सत्ता पाने से चूकती आ रही है, लेकिन इस बार कांग्रेस पूरी ताकत के साथ जोर मारती दिखाई दे रही है। कांग्रेस लगातार संगठन में बदलाव करती आ रही है। हालांकि प्रदेश में विधानसभा के चुनाव होने में करीब 3 साल का समय है, लेकिन कांग्रेस मिशन 2028 में जुट गई है। इसी कड़ी में पार्टी के पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष और लोकसभा नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी कल यानी 3 जून को भोपाल आने वाले है।
राहुल गांधी करेंगे 6 घंटे बैठक
प्रदेश कांग्रेस में जान फूंकने के लिए पार्टी अध्यक्ष जीतू पटवारी, उमांग सिंघार और प्रदेश प्रभारी हरीश चौधरी लगातार सक्रिय है और अब राहुल गांधी पस्त पड़ी कांग्रेस में नई जान फूंकने के लिए भोपाल आ रहे है। राहुल भोपाल में करीब 6 घंटे रूकेंगे। इस दौरान वे कांग्रेस के ब्लॉक अध्यक्ष, विधायक और राज्यसभा सांसदों के साथ बैठक करेंगे। वे सुबह से लेकर शाम तक पार्टी नेताओं के साथ रणनीति पर चर्चा करेंगे और संगठन सृजन अभियान की शुरूआत करेंगे। इसके अलावा वे पार्टी नेताओं के साथ पार्टी कार्यालय में भोजन भी करेंगे।
राहुल का पूरा शेड्यूल
राहुल गांधी 3 जून को सुबह 10 बजकर 30 मिनट पर भोपाल एयरपोर्ट पहुंचेगे। जहां से वे सीधे पार्टी कार्यालय जाएंगे। राहुल पार्टी कार्यालय में सुबह 11 बजे से शाम 4 बजे तक बैठकें लेंगे। जानकारी के अनुसार राहुल गांधी कुल तीन बैठक लेंगे। जिनमें से सबसे पहली बैठक प्रदेश कांग्रेस के सभी नेताओं की बैठक होगी। इसके बाद प्रदेश के सभी कांग्रेसी विधायक और राज्यसभा सांसदों की बैठक लेंगे। इसके बाद दोपहर में लंच करने के बाद रवीन्द्र भवन में एमपी कांग्रेस के अधिवेशन में शामिल होंगे। राहुल करीब 4.30 बजे भोपाल से रवाना हो जाएंगे।