नई दिल्ली: पश्चिम एशिया में बढ़ते तनाव के बीच केंद्र सरकार ने बड़ा राहत भरा फैसला लिया है। सरकार ने पेट्रोल और डीज़ल पर एक्साइज़ ड्यूटी में कटौती करते हुए पेट्रोल ₹3 और डीज़ल ₹10 तक सस्ता कर दिया है। यह फैसला वैश्विक हालात और तेल आपूर्ति पर संभावित असर को देखते हुए लिया गया है।
PM मोदी की आज अहम बैठक
Narendra Modi आज (27 मार्च) शाम देश के सभी राज्यों के मुख्यमंत्रियों के साथ वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए महत्वपूर्ण बैठक करेंगे। इस बैठक में पश्चिम एशिया में बिगड़ते हालात, ऊर्जा सुरक्षा, सप्लाई चेन और देश की तैयारियों की समीक्षा की जाएगी। सरकार ‘टीम इंडिया’ की भावना के साथ केंद्र और राज्यों के बीच बेहतर समन्वय पर जोर दे रही है।
ईरान संकट को लेकर बढ़ी चिंता
हाल ही में संसद में अपने संबोधन के दौरान प्रधानमंत्री ने संकेत दिया था कि यदि ईरान से जुड़ा संकट लंबा खिंचता है, तो इसका असर वैश्विक अर्थव्यवस्था के साथ भारत पर भी पड़ सकता है। उन्होंने यह भी चेतावनी दी थी कि देश को कोरोना जैसी चुनौतीपूर्ण परिस्थितियों का सामना करना पड़ सकता है।
ईंधन की कोई कमी नहीं: सरकार
सरकार ने साफ किया है कि देश में पेट्रोल और डीज़ल की कोई कमी नहीं है। पेट्रोलियम मंत्रालय के अनुसार भारत के पास लगभग 60 दिनों का पर्याप्त ईंधन भंडार मौजूद है। सोशल मीडिया पर फैल रही किल्लत की खबरों को पूरी तरह से अफवाह बताया गया है। सरकार ने ऐसे भ्रामक संदेश फैलाने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की चेतावनी दी है।
LPG और PNG को लेकर सख्त नियम
घरेलू गैस की मांग बढ़ने के बाद सरकार ने कुछ नए नियम लागू किए हैं, जिसमें शहरी क्षेत्रों में 25 दिन और ग्रामीण क्षेत्रों में 45 दिन का गैप, LPG सिलेंडर बुकिंग के बीच न्यूनतम अंतर लागू, PNG उपभोक्ताओं के लिए LPG सिलेंडर रखना अब गैरकानूनी और PNG कनेक्शन वाले उपभोक्ताओं को LPG सरेंडर करना होगा।
केंद्र-राज्य समन्वय पर फोकस
केंद्र सरकार का मानना है कि वैश्विक संकट के समय राज्यों की भूमिका बेहद अहम होती है। इसी वजह से यह बैठक बुलाई गई है, ताकि संभावित चुनौतियों से निपटने के लिए पहले से रणनीति बनाई जा सके और संसाधनों का बेहतर प्रबंधन सुनिश्चित किया जा सके। मिडिल ईस्ट में बढ़ते तनाव के बीच भारत सरकार ने समय रहते कदम उठाते हुए जहां आम जनता को राहत दी है, वहीं संभावित संकट से निपटने के लिए रणनीतिक तैयारी भी शुरू कर दी है। अब सभी की नजर PM मोदी और मुख्यमंत्रियों की इस अहम बैठक पर टिकी है।