IPL 2026: इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) 2026 के बीच भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (BCCI) ने खिलाड़ियों और सपोर्ट स्टाफ की सुरक्षा को लेकर बड़ा और सख्त फैसला लिया है। बोर्ड ने सभी IPL फ्रेंचाइजियों को नई एडवाइजरी जारी करते हुए होटल रूम में बाहरी लोगों की एंट्री पर कड़े नियम लागू कर दिए हैं। नई गाइडलाइन के अनुसार अब कोई भी खिलाड़ी या सपोर्ट स्टाफ टीम मैनेजर की लिखित अनुमति के बिना किसी बाहरी व्यक्ति को अपने होटल रूम में नहीं बुला सकेगा। BCCI ने साफ कहा है कि नियमों का उल्लंघन करने पर कार्रवाई भी की जा सकती है।
खिलाड़ियों की सुरक्षा को लेकर बढ़ी चिंता
BCCI सचिव Devajit Saikia की ओर से भेजे गए आधिकारिक कम्युनिकेशन में बताया गया कि IPL ऑपरेशंस टीम समय-समय पर फ्रेंचाइजियों की निगरानी करेगी। टीम मैनेजरों को सभी विजिटर्स और होटल मूवमेंट का पूरा रिकॉर्ड रखने के निर्देश दिए गए हैं।बोर्ड के मुताबिक कुछ मामलों में खिलाड़ियों और सपोर्ट स्टाफ ने बिना अनुमति बाहरी लोगों को होटल रूम तक पहुंच दी थी। कई बार टीम मैनेजर को इसकी जानकारी भी नहीं होती थी। इसी को देखते हुए अब यह प्रथा तत्काल प्रभाव से बंद कर दी गई है।
होटल लॉबी में ही मिल सकेंगे मेहमान
नई पॉलिसी के तहत खिलाड़ियों या सपोर्ट स्टाफ से मिलने आने वाले लोगों को केवल होटल की सार्वजनिक जगहों जैसे लॉबी, कैफे या रिसेप्शन लाउंज तक ही सीमित रखा जाएगा। अगर किसी गेस्ट को निजी होटल रूम तक ले जाना है तो उसके लिए पहले टीम मैनेजर की लिखित मंजूरी लेना अनिवार्य होगा।
BCCI ने हनीट्रैप और कानूनी जोखिमों पर जताई चिंता
BCCI ने अपनी एडवाइजरी में हनीट्रैप और टारगेटेड कॉम्प्रोमाइज जैसे मामलों का भी जिक्र किया है। बोर्ड का मानना है कि हाई-प्रोफाइल टूर्नामेंट के दौरान खिलाड़ी और सपोर्ट स्टाफ सुरक्षा जोखिमों का आसान निशाना बन सकते हैं। इसके अलावा यौन उत्पीड़न या अन्य कानूनी विवादों की आशंका को देखते हुए भी फ्रेंचाइजियों को अतिरिक्त सतर्कता बरतने के निर्देश दिए गए हैं।
फ्रेंचाइजियों को दिए गए सख्त निर्देश
BCCI ने सभी टीमों से कहा है कि खिलाड़ियों की सुरक्षा और टूर्नामेंट की छवि को ध्यान में रखते हुए हर स्तर पर निगरानी बढ़ाई जाए। बोर्ड ने स्पष्ट किया है कि किसी भी तरह की लापरवाही भविष्य में गंभीर विवाद का कारण बन सकती है। IPL 2026 के बीच जारी इस नई एडवाइजरी को खिलाड़ियों की सुरक्षा और लीग की प्रोफेशनल इमेज बनाए रखने की दिशा में बड़ा कदम माना जा रहा है।