Dhurandhar 3: बॉलीवुड के चर्चित निर्देशक आदित्य धर एक बार फिर सुर्खियों में हैं। उनकी ब्लॉकबस्टर फिल्म फ्रेंचाइजी ‘धुरंधर’ को लेकर ऐसा अपडेट सामने आया है, जिसने फैंस की एक्साइटमेंट बढ़ा दी है। लंबे समय से माना जा रहा था कि ‘धुरंधर द रिवेंज’ के बाद इस कहानी का अंत हो चुका है, लेकिन अब मेकर्स के नए बयान ने संकेत दे दिए हैं कि यह सफर अभी खत्म नहीं हुआ।
ज्योति देशपांडे ने दिया बड़ा हिंट
फिल्म की को-प्रोड्यूसर ज्योति देशपांडे ने हाल ही में दिए इंटरव्यू में खुलासा किया कि ‘धुरंधर’ फ्रेंचाइजी को लेकर मेकर्स कुछ बड़ा प्लान कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि ऑडियंस के लिए इस साल के अंत तक एक खास सरप्राइज तैयार किया जा रहा है। हालांकि उन्होंने साफ तौर पर यह नहीं बताया कि यह ‘धुरंधर 3’ होगी या फिर फ्रेंचाइजी का कोई स्पिन-ऑफ प्रोजेक्ट, लेकिन उनके बयान के बाद सोशल मीडिया पर चर्चाएं तेज हो गई हैं। फैंस अब उम्मीद लगा रहे हैं कि जल्द ही इस सुपरहिट सीरीज का नया अध्याय देखने को मिल सकता है।
क्या नई कहानी के साथ लौटेगी फ्रेंचाइजी?
इससे पहले फिल्म में जमील जमाली का किरदार निभाने वाले अभिनेता राकेश बेदी भी ‘धुरंधर’ के अगले भाग को लेकर प्रतिक्रिया दे चुके हैं। उन्होंने कई इंटरव्यू में कहा था कि दूसरे पार्ट में हमजा की कहानी पूरी हो चुकी है, इसलिए संभव है कि अगली फिल्म किसी नए किरदार और नई कहानी के साथ बनाई जाए। यही वजह है कि अब माना जा रहा है कि मेकर्स ‘धुरंधर यूनिवर्स’ को विस्तार देने की तैयारी कर सकते हैं।
बॉक्स ऑफिस पर बना चुकी है इतिहास
‘धुरंधर’ बॉलीवुड की सबसे सफल एक्शन फ्रेंचाइजी में गिनी जाती है। फिल्म के पहले पार्ट ने दुनियाभर में करीब 1300 करोड़ रुपये का ग्रॉस कलेक्शन किया था, जबकि दूसरे भाग ‘धुरंधर द रिवेंज’ ने लगभग 1800 करोड़ रुपये की कमाई कर रिकॉर्ड बना दिया। दोनों फिल्मों को मिलाकर फ्रेंचाइजी अब तक 3000 करोड़ रुपये से ज्यादा का वर्ल्डवाइड कलेक्शन कर चुकी है। यही नहीं, फिल्म का पहला पार्ट अब जापान में भी रिलीज होने जा रहा है, जिससे इसकी इंटरनेशनल पहुंच और मजबूत होने की उम्मीद है।
फैंस को है आधिकारिक घोषणा का इंतजार
मेकर्स की तरफ से फिलहाल कोई आधिकारिक घोषणा नहीं की गई है, लेकिन ज्योति देशपांडे के बयान ने यह साफ कर दिया है कि ‘धुरंधर’ फ्रेंचाइजी को पूरी तरह बंद नहीं किया गया है। अब सभी की नजरें आदित्य धर की अगली घोषणा पर टिकी हैं, जो इस साल के अंत तक सामने आ सकती है।