दुर्ग: जिले में पुलिस विभाग से जुड़े दो वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहे हैं। इन वीडियो के सामने आने के बाद पुलिस विभाग की कार्यशैली को लेकर चर्चा शुरू हो गई है। एक वीडियो में ट्रैफिक विभाग का सब इंस्पेक्टर युवक से पैसे लेते नजर आ रहा है, जबकि दूसरे वीडियो में एक कॉन्स्टेबल हत्या के प्रयास के आरोपी युवक से गले मिलते दिखाई दे रहा है।
पहला मामला दुर्ग ट्रैफिक विभाग से जुड़ा बताया जा रहा है। वायरल वीडियो में ट्रैफिक सब इंस्पेक्टर महेश्वर देवांगन सड़क किनारे एक युवक से बातचीत करते दिखाई दे रहे हैं। इसी दौरान युवक उन्हें नकद पैसे देता नजर आता है। वीडियो में कथित तौर पर पैसे गिनने की बात भी सुनाई दे रही है। वीडियो वायरल होने के बाद विभाग ने मामले को गंभीरता से लिया है।
ट्रैफिक टीआई टीडी चंद्रा ने कार्रवाई करते हुए सब इंस्पेक्टर महेश्वर देवांगन को लाइन अटैच कर दिया है। साथ ही मामले की जांच शुरू कर दी गई है।
वहीं दूसरा वीडियो पावर हाउस रेलवे स्टेशन के सामने का बताया जा रहा है। इसमें दुर्ग छावनी थाना में पदस्थ कॉन्स्टेबल प्रमोद साहू एक युवक से हाथ मिलाते और गले मिलते दिखाई दे रहे हैं। जानकारी के अनुसार युवक के खिलाफ जामुल थाना में हत्या के प्रयास यानी धारा 307 के तहत मामला दर्ज है। वह फिलहाल जमानत पर बाहर है और पहले भी जेल जा चुका है।
हालांकि इस दूसरे मामले में अभी तक विभाग की ओर से किसी तरह की कार्रवाई की जानकारी सामने नहीं आई है। छावनी सीएसपी प्रशांत कुमार पैकरा ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है और जांच के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।