पेंड्रा। छत्तीसगढ़ के पेंड्रा जिले में मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए एक व्यक्ति को भारी मात्रा में गांजा के साथ गिरफ्तार किया है। कार्रवाई के दौरान पुलिस ने 18 किलो 450 ग्राम गांजा बरामद किया, जिसकी अनुमानित बाजार कीमत करीब 1.26 लाख रुपये बताई जा रही है।
बचरवार गांव में पुलिस ने दी दबिश
पुलिस को मिली सूचना के आधार पर ग्राम बचरवार में दबिश दी गई। तलाशी के दौरान आरोपी सोनू राठौर के कब्जे से बड़ी मात्रा में गांजा बरामद हुआ। मौके पर ही उसे हिरासत में लेकर कानूनी कार्रवाई शुरू की गई।
NDPS एक्ट के तहत दर्ज हुआ मामला
पुलिस ने आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट की धारा 20(बी) के तहत मामला दर्ज किया है। आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद आरोपी को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया।
नशे के खिलाफ अभियान रहेगा जारी
पुलिस अधीक्षक मनोज कुमार खिलारी के निर्देशन में जिलेभर में मादक पदार्थों की तस्करी और अवैध कारोबार के खिलाफ लगातार अभियान चलाया जा रहा है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि नशे के कारोबार में शामिल लोगों के खिलाफ आगे भी इसी तरह की सख्त कार्रवाई जारी रहेगी और अवैध गतिविधियों पर प्रभावी अंकुश लगाने के लिए लगातार निगरानी रखी जाएगी।