लोकेशन: दतिया (मध्यप्रदेश)
संवाददाता: राजीव मिश्रा| मो. 91793 25878
Datia News : दतिया में सोशल मीडिया पर हथियार के साथ फोटो पोस्ट करना भाजपा नेता को भारी पड़ गया। भांडेर जनपद पंचायत की उपाध्यक्ष सुमन धाकड़ के पति और भाजपा नेता प्रदीप धाकड़ को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है।
फोटो पोस्ट करना पड़ा महंगा
जानकारी के अनुसार, प्रदीप धाकड़ ने अपने दोस्त अवधेश गुप्ता की रायफल के साथ फोटो खिंचवाकर 4 फरवरी को सोशल मीडिया पर पोस्ट की थी। यह फोटो सामने आने के बाद पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए कार्रवाई की। मामले में पंडोखर थाना पुलिस ने प्रदीप धाकड़ को गिरफ्तार किया है। जांच में सामने आया कि जिस रायफल के साथ फोटो पोस्ट की गई थी, वह प्रदीप धाकड़ के नाम पर लाइसेंसी नहीं थी, बल्कि उनके दोस्त अवधेश गुप्ता के नाम पर पंजीकृत थी।
रायफल जब्त
मामले में पुलिस ने रायफल को जब्त कर लिया है और लाइसेंसधारी अवधेश गुप्ता के खिलाफ भी मामला दर्ज किया गया है। पुलिस का कहना है कि हथियार के दुरुपयोग और नियमों के उल्लंघन को देखते हुए अवधेश गुप्ता के हथियार लाइसेंस को निरस्त कराने की कार्रवाई भी शुरू की जाएगी। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि हथियारों के साथ सोशल मीडिया पर प्रदर्शन करना कानूनन अपराध है और ऐसे मामलों में आगे भी सख्त कार्रवाई की जाएगी।