Morning Breaking: मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय आज ओडिशा दौरे पर रहेंगे। अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस पर बस्तर में वृहद महतारी वंदन सम्मेलन में योजना की 25वीं किस्त जारी होगी। रायपुर में कांग्रेस बीजेपी नेता की अफीम खेती मामले पर प्रेस कॉन्फ्रेंस करेगी।
ओडिशा दौरे पर रहेंगे CM साय:
रायपुर। छत्तीसगढ़ में आज का दिन राजनीतिक और सामाजिक गतिविधियों के लिहाज से काफी अहम रहने वाला है। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय आज ओडिशा दौरे पर रहेंगे, वहीं अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर बस्तर में वृहद महतारी वंदन सम्मेलन आयोजित किया जाएगा। इसके अलावा रायपुर में कांग्रेस बीजेपी नेता की कथित अफीम खेती के मामले को लेकर प्रेस कॉन्फ्रेंस करेगी।
मुख्यमंत्री साय का ओडिशा दौरा, कई कार्यक्रमों में लेंगे हिस्सा:
मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय रविवार को ओडिशा के दौरे पर रहेंगे और दिनभर विभिन्न कार्यक्रमों में शामिल होंगे। तय कार्यक्रम के मुताबिक वे सुबह 11 बजे रायपुर हेलीपेड से रवाना होकर दोपहर 12 बजे ओडिशा के नबरंगपुर पहुंचेंगे। इसके बाद वे तुरंजियागुडा गांव में एक निजी कार्यक्रम में शामिल होंगे। दौरे के दौरान मुख्यमंत्री कई सामाजिक और जनप्रतिनिधियों से मुलाकात भी करेंगे। दोपहर बाद वे आगे के कार्यक्रमों के लिए रवाना होंगे और शाम तक प्रदेश में आयोजित विभिन्न कार्यक्रमों में शामिल होने के बाद शाम 6:20 बजे अपने निवास लौटेंगे।
महिला दिवस पर बस्तर में ‘वृहद महतारी वंदन सम्मेलन’:
अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर बस्तर जिले में वृहद महतारी वंदन सम्मेलन–2026 का आयोजन किया जाएगा। इस कार्यक्रम में मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगे। इस दौरान वे प्रदेश की महिलाओं के खातों में महतारी वंदन योजना की 25वीं किस्त जारी करेंगे। कार्यक्रम की अध्यक्षता छत्तीसगढ़ विधानसभा अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह करेंगे। कार्यक्रम में केंद्रीय आवास एवं शहरी कार्य राज्य मंत्री तोखन साहू, उपमुख्यमंत्री विजय शर्मा और अरुण साव, महिला एवं बाल विकास मंत्री लक्ष्मी राजवाड़े तथा वन मंत्री केदार कश्यप सहित कई जनप्रतिनिधि मौजूद रहेंगे। महिला एवं बाल विकास विभाग द्वारा आयोजित इस सम्मेलन का उद्देश्य महिलाओं के सम्मान, सशक्तिकरण और आर्थिक भागीदारी को बढ़ावा देना है। कार्यक्रम स्थल पर विभिन्न सरकारी योजनाओं की जानकारी देने के लिए विभागीय स्टॉल भी लगाए जाएंगे।
प्रदेशभर में मनाया जाएगा रंगपंचमी का पर्व:
प्रदेश के कई शहरों में आज रंगपंचमी का पर्व उत्साह और उमंग के साथ मनाया जाएगा। इस मौके पर अलग-अलग स्थानों पर रंग-गुलाल के साथ सांस्कृतिक और सामाजिक कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। रंगपंचमी होली के पांच दिन बाद मनाई जाती है और इसे वसंत ऋतु के स्वागत का प्रतीक भी माना जाता है।
टी-20 विश्वकप फाइनल:
आज क्रिकेट प्रेमियों के लिए भी बड़ा दिन है। टी-20 विश्वकप का फाइनल मुकाबला भारत और न्यूजीलैंड के बीच खेला जाएगा। यह मैच अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में आयोजित होगा। इस मुकाबले को लेकर छत्तीसगढ़ में भी जबरदस्त उत्साह देखा जा रहा है। रायपुर सहित कई शहरों में बड़ी स्क्रीन लगाकर मैच देखने की व्यवस्था की गई है। बीजेपी नेता की अफीम खेती मामले पर कांग्रेस की प्रेस कॉन्फ्रेंस छत्तीसगढ़ में नशे के बढ़ते कारोबार को लेकर कांग्रेस आज सरकार को घेरने की तैयारी में है। जिला कांग्रेस कमेटी रायपुर में बीजेपी नेता पर कथित अफीम की खेती के आरोपों को लेकर प्रेस कॉन्फ्रेंस करेगी। यह प्रेस कॉन्फ्रेंस सुबह 11:30 बजे गांधी मैदान स्थित कांग्रेस भवन में आयोजित होगी। इसमें जिलाध्यक्ष श्रीकुमार मेनन, पूर्व विधायक, पार्टी पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहेंगे। कांग्रेस इस मुद्दे पर सरकार से कार्रवाई की मांग करते हुए आगे की रणनीति भी तय करेगी।