नई दिल्ली: राजधानी दिल्ली में एलपीजी गैस की किल्लत की खबरों के बीच पुलिस ने जमाखोरी और अवैध रिफिलिंग के खिलाफ बड़ा अभियान शुरू कर दिया है। पिछले 24 घंटों में कई इलाकों में छापेमारी कर सैकड़ों गैस सिलेंडर जब्त किए गए हैं और कई आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है।
मुंडका में क्राइम ब्रांच की बड़ी कार्रवाई
मुंडका इलाके में क्राइम ब्रांच की टीम ने एक गोदाम पर छापा मारकर कुल 610 गैस सिलेंडर बरामद किए। इनमें 197 भरे हुए और 392 खाली सिलेंडर शामिल हैं। इसके अलावा 21 छोटे सिलेंडर भी जब्त किए गए। जांच में सामने आया कि गोदाम मालिक के पास केवल इंडेन के कॉमर्शियल सिलेंडर बेचने का लाइसेंस था, लेकिन वहां अन्य कंपनियों के सिलेंडर भी रखे गए थे। स्टॉक रिकॉर्ड में भारी गड़बड़ी मिलने पर आवश्यक वस्तु अधिनियम की धारा 7 के तहत मामला दर्ज किया गया है।
गांधी नगर और शकरपुर में गिरफ्तारी
गांधी नगर में पुलिस ने राम विलास शर्मा को गिरफ्तार किया, जिसके पास से 9 भरे हुए सिलेंडर और गैस भरने की मशीन बरामद हुई। वह घरेलू सिलेंडर से छोटे सिलेंडरों में गैस ट्रांसफर कर महंगे दामों पर बेच रहा था। वहीं शकरपुर इलाके में योगेश गुप्ता को गिरफ्तार किया गया। उसके पास से 2 घरेलू सिलेंडर और 5-5 किलो के 3 छोटे सिलेंडर बरामद हुए। आरोपी बिना लाइसेंस अवैध गैस रिफिलिंग का काम कर रहा था।
बवाना और रोहिणी में भी एक्शन
बवाना में पुलिस ने गश्त के दौरान एक व्यक्ति को अवैध रूप से गैस भरते हुए रंगे हाथ पकड़ा। वहीं रोहिणी इलाके में पुष्पेंद्र नाम के आरोपी को गिरफ्तार किया गया, जो घरेलू सिलेंडर से कॉमर्शियल सिलेंडर में गैस ट्रांसफर कर रहा था।
कैसे चल रहा था अवैध कारोबार?
पुलिस जांच में खुलासा हुआ है कि आरोपी घरेलू एलपीजी सिलेंडर से छोटे और कॉमर्शियल सिलेंडरों में गैस भरकर ऊंचे दामों पर बेच रहे थे। इस प्रक्रिया में सुरक्षा मानकों की अनदेखी की जा रही थी, जिससे बड़े हादसे का खतरा भी बना हुआ था।
पुलिस का बयान
पुलिस अधिकारियों के मुताबिक, जब्त किए गए सिलेंडर और मशीनों को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी गई है। सभी आरोपियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जा रही है और आगे भी ऐसे अभियान जारी रहेंगे। दिल्ली में एलपीजी गैस की बढ़ती मांग के बीच अवैध जमाखोरी और रिफिलिंग पर पुलिस की सख्ती से आम लोगों को राहत मिलने की उम्मीद है। प्रशासन ने साफ किया है कि नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई जारी रहेगी।