इंदौर। गणेश उत्सव के शुभारंभ के साथ इंदौर के प्रसिद्ध खजराना गणेश मंदिर में भक्तिमय माहौल देखने को मिल रहा है। उत्सव के पहले दिन ब्रह्म मुहूर्त में भगवान गणेश का पंचामृत से विशेष अभिषेक किया गया। इसके बाद करीब 7 करोड़ रुपये मूल्य के सोने, चांदी और हीरे से बने आभूषणों से भगवान खजराना गणेश का आकर्षक श्रृंगार किया गया।
हीरे जड़ित लगाए गए नए नेत्र
इस बार श्रृंगार की खास बात हीरे जड़ित नए नेत्र रहे। इसके अलावा भगवान गणेश को स्वर्ण मुकुट, सोने का छत्र और चंद्रिका धारण कराई गई। गजानन का यह दिव्य स्वरूप दर्शन के लिए आने वाले श्रद्धालुओं के बीच आकर्षण का केंद्र बना हुआ है।
सवा लाख मोदक और लड्डुओं का महाभोग
गणेश उत्सव के दौरान भगवान को सवा लाख मोदक और लड्डुओं का महाभोग अर्पित करने की परंपरा है। पूजा के बाद प्रसाद भक्तों में वितरित किया जाएगा।
300 साल पुराना मंदिर
करीब 300 साल पुराने इस मंदिर को लेकर मान्यता है कि प्रतिमा पर प्रतिदिन लगभग एक किलो घी और सिंदूर का लेप किया जाता है। मंदिर पुजारी के अनुसार, इसी वजह से प्रतिमा के आकार में धीरे-धीरे वृद्धि होती है और हर वर्ष करीब एक इंच बढ़ने की मान्यता है।
सुरक्षा के कड़े इंतजाम
श्रद्धालुओं की भारी भीड़ को देखते हुए मंदिर परिसर में बैरिकेडिंग, सीसीटीवी निगरानी और अतिरिक्त पुलिस बल की व्यवस्था की गई है।