भोपाल। मध्य प्रदेश के टाइगर रिजर्व और वन क्षेत्रों की सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत करने के लिए कर्नाटक से तीन प्रशिक्षित हाथी मध्य प्रदेश लाए जाएंगे। केंद्र सरकार की मंजूरी के बाद अब इन हाथियों को प्रदेश में लाने की प्रक्रिया तेज कर दी गई है।
रातापानी और रानी दुर्गावती टाइगर रिजर्व जाएंगे हाथी
इन हाथियों का इस्तेमाल टाइगर रिजर्व के कोर क्षेत्र में गश्त बढ़ाने के साथ वन्यजीवों से जुड़े रेस्क्यू अभियानों में किया जाएगा। तीनों हाथियों को रातापानी और रानी दुर्गावती टाइगर रिजर्व में तैनात किए जाने की योजना है। हाथियों की मदद से घने जंगलों और दुर्गम इलाकों में निगरानी तथा वन्यजीवों के रेस्क्यू कार्य को अधिक प्रभावी बनाया जा सकेगा।
हाथियों को जल्द प्रदेश भेजने का आग्रह
मध्य प्रदेश की पीसीसीएफ (वाइल्डलाइफ) समीता राजौरा ने कर्नाटक के पीसीसीएफ (वाइल्डलाइफ) को पत्र भेजकर हाथियों को प्रदेश भेजने की प्रक्रिया जल्द शुरू करने का आग्रह किया है।
तीन हाथियों को लाने की तैयारी शुरू
दरअसल, केंद्रीय पर्यावरण, वन एवं जलवायु परिवर्तन मंत्रालय ने मध्य प्रदेश को कर्नाटक से कुल 14 हाथी लाने की अनुमति दी थी। इनमें से 11 हाथी पहले ही प्रदेश पहुंच चुके हैं। अब शेष तीन हाथियों को लाने की तैयारी शुरू हो गई है।