नई दिल्ली। संसद में जारी गतिरोध और बजट सत्र की रणनीति तय करने के लिए आज राजधानी दिल्ली में INDIA ब्लॉक और कांग्रेस की महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की जा रही है। यह बैठक सुबह 10 बजे संसद भवन स्थित कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे के कार्यालय में होगी। सूत्रों के मुताबिक, कांग्रेस आलाकमान ने पार्टी संगठन, राजनीतिक गतिविधियों और आगामी चुनावों की तैयारियों पर व्यापक चर्चा के उद्देश्य से देशभर के कई वरिष्ठ नेताओं को दिल्ली बुलाया है।बैठक में विभिन्न राज्यों के प्रदेश अध्यक्ष, प्रदेश प्रभारी और कांग्रेस विधायक दल (CLP) के नेता शामिल होंगे। छत्तीसगढ़, राजस्थान, हिमाचल प्रदेश, जम्मू-कश्मीर, पंजाब और तमिलनाडु समेत कई राज्यों के नेताओं की मौजूदगी को अहम माना जा रहा है।
बजट सत्र और संसद गतिरोध पर मुख्य फोकस:
बैठक में संसद के दोनों सदनों में चल रहे गतिरोध को लेकर INDIA ब्लॉक की संयुक्त रणनीति पर चर्चा होने की संभावना है। साथ ही बजट सत्र के दौरान विपक्ष की भूमिका, सरकार को घेरने के मुद्दे और समन्वित राजनीतिक रुख तय किया जा सकता है।
मनरेगा, संगठन सृजन अभियान और चुनावी तैयारी पर मंथन:
एजेंडे में मनरेगा से जुड़े मुद्दे, पार्टी के संगठन सृजन अभियान, राज्यों में राजनीतिक गतिविधियों की समीक्षा और आगामी चुनावों की तैयारियों पर विस्तृत चर्चा शामिल है। पार्टी नेतृत्व जमीनी स्तर पर संगठन को मजबूत करने और चुनावी रणनीति को धार देने के उपायों पर भी विचार कर सकता है।
संगठनात्मक मजबूती के लिहाज से अहम मानी जा रही बैठक:
राजनीतिक विश्लेषकों का मानना है कि आगामी चुनावी चुनौतियों को देखते हुए यह बैठक कांग्रेस और INDIA ब्लॉक दोनों के लिए रणनीतिक रूप से महत्वपूर्ण है। इससे विपक्ष की एकजुटता, मुद्दों की प्राथमिकता और भविष्य की राजनीतिक दिशा तय होने की संभावना है।