Hanuman Jayanti 2026: मध्यप्रदेश के अलग-अलग जिलों में हनुमान जयंती के मौके पर आस्था और उत्साह देखने को मिला। मंदिरों में सुबह से ही श्रद्धालुओं की लंबी कतारें लगी रहीं, वहीं जगह-जगह भजन, आरती, कथा और भंडारे का आयोजन किया गया।
नागदा में महाआरती और भंडारा
नागदा के श्रीराम कॉलोनी चौराहे पर हनुमान जयंती की पूर्व संध्या पर भव्य आयोजन किया गया। यहां महाआरती, भजन संध्या और विशाल भंडारे में सैकड़ों श्रद्धालु शामिल हुए। धार्मिक माहौल में जयकारों की गूंज से पूरा क्षेत्र भक्तिमय हो गया। साथ ही शहर के विभिन्न मंदिरों में कथा, अखंड रामायण और यज्ञ जैसे आयोजन भी हुए।
डबरा में श्रद्धालुओं की भीड़
डबरा में हनुमान जयंती पर मंदिरों में सुबह से ही भारी भीड़ देखने को मिली। प्रशासन ने सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए हैं। प्रमुख चौराहों और मंदिरों पर पुलिस बल तैनात रहा और बाहर से आने-जाने वालों पर विशेष निगरानी रखी गई।
नेमावर में गूंजे जय श्रीराम के जयकारे
देवास जिले के नेमावर में हनुमान जन्मोत्सव धूमधाम से मनाया गया। खेड़ापति और पंचमुखी हनुमान मंदिरों में विशेष पूजा-अर्चना, हवन, 56 भोग और भजन संध्या का आयोजन हुआ। श्रद्धालु भक्ति में डूबे नजर आए और पूरे नगर में धार्मिक उल्लास का माहौल रहा।
बोलाई (शाजापुर) में भक्तों का तांता
शाजापुर जिले के बोलाई स्थित सिद्धवीर हनुमान मंदिर में सुबह से ही भक्तों का तांता लगा रहा। मंदिर को आकर्षक सजावट से सजाया गया और महाआरती, सुंदरकांड और भंडारे का आयोजन हुआ। मान्यता है कि यहां विराजमान हनुमान जी भक्तों की मनोकामनाएं पूर्ण करते हैं, जिसके चलते दूर-दराज से श्रद्धालु दर्शन के लिए पहुंचे।
भेरूंडा और चापड़ा में यज्ञ और भंडारे
भेरूंडा ब्लॉक के गुलरपुरा स्थित प्राचीन हनुमान मंदिर में भक्तों की भारी भीड़ रही। वहीं बागली के चापड़ा नगर में तीन दिवसीय यज्ञ, महाआरती और भंडारे का आयोजन हुआ, जिसमें हजारों लोगों ने प्रसाद ग्रहण किया।
छिंदवाड़ा में दिखी आस्था की झलक
छिंदवाड़ा जिले में भी हनुमान प्रकट उत्सव बड़े उत्साह के साथ मनाया गया। मंदिरों में अभिषेक, हवन, भजन-कीर्तन और महाप्रसाद वितरण का सिलसिला दिनभर चलता रहा।