ग्वालियर : अगर आप भी रोज ग्वालियर से मुंबई सफर करते है तो ये खबर आपके लिए है। राजमाता विजयाराजे सिंधिया एयर टर्मिनल से मुंबई के लिए अब हफ्ते में 4 दिन की जगह सातों दिन हवाई सेवा उपलब्ध रहेंगी। जिसको लेकर शिड्यूल भी जारी कर दिया गया है।
नई समय-सारणी जारी
दरअसल, यात्रियों की भीड़ को देखते हुए एयरलाइन्स ने यह फैसला लिया। जारी आदेश के तहत इंडिगो एयरलाइंस की ग्वालियर-मुंबई उड़ान 6E 5265 का दैनिक संचालन 1 अक्टूबर 2026 से शुरू किया जा रहा है। जिसके चलते अब ग्वालियर से मुंबई जाने वाली फ्लाइट का निर्धारित प्रस्थान समय शाम 4:15 बजे रखा गया है। वहीं, मुंबई से ग्वालियर आने वाली इंडिगो की उड़ान 6E 5276 का निर्धारित आगमन समय दोपहर 3:40 बजे है।
सेवा 'A320' आकार वाले एयरक्राफ्ट के जरिए दी जाएगी
इस रूट पर A320 विमान का संचालन किया जाएगा। उड़ान सेवा प्रतिदिन उपलब्ध होने से ग्वालियर और मुंबई के बीच हवाई यात्रा करने वाले यात्रियों को अधिक सुविधा मिलेगी। खासतौर पर कारोबार, शिक्षा, चिकित्सा और अन्य जरूरी कार्यों से मुंबई जाने वाले यात्रियों के लिए नियमित फ्लाइट का विकल्प उपयोगी साबित हो सकता है।