Bhopal Nagar Nigam : राजधानी भोपाल में नगर निगम के जोन-21 से एक बड़ा भ्रष्टाचार का मामला सामने आया है, जिसने पूरे सिस्टम की कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े कर दिए हैं। हाल ही में सोशल मीडिया पर वायरल हुए एक वीडियो ने निगम कार्यालय की सच्चाई उजागर कर दी है, जिसमें खुलेआम रिश्वत ली जा रही है और 500 रुपये की नोटों की गड्डियां गिनी जा रही हैं। वीडियो में नगर निगम के सुपरवाइजर न सिर्फ पैसों का लेन-देन करते दिख रहे हैं, बल्कि शराब से जुड़ी गतिविधियों में भी संलिप्त पाए गए हैं।
महंगी शराब की डिमांड का भी आरोप
जानकारी के अनुसार, वायरल वीडियो में जो शख्स नजर आ रहा है, उसका नाम इमरान है, जो नगर निगम के जोन-21 में सुपरवाइजर के पद पर कार्यरत है। इमरान, वरिष्ठ अधिकारी राजीव सक्सेना के अधीन काम करता है। बताया जा रहा है कि इमरान कार्यालय के अन्य कर्मचारियों पर दबाव बनाकर उनसे न केवल रिश्वत वसूलता है, बल्कि महंगी शराब की डिमांड भी करता है। ये सभी गतिविधियां कार्यालय समय के दौरान और निगम की चारदीवारी के भीतर हो रही हैं, जिससे सरकारी दफ्तर की मर्यादा तार-तार हो रही है।
नगर निगम में मचा हड़कंप
इमरान के साथ-साथ एक और सुपरवाइजर हरिराव विह्सकर, जिन्हें ‘भाऊ’ के नाम से भी जाना जाता है, को भी इसी तरह रिश्वत लेते हुए कैमरे में कैद किया गया है। वीडियो में देखा जा सकता है कि किस तरह से ये अधिकारी बिना किसी डर या संकोच के रिश्वत की रकम गिन रहे हैं और पैसों का लेन-देन कर रहे हैं। इस घटना के सामने आने के बाद नगर निगम के अंदर और बाहर दोनों जगहों पर हड़कंप मच गया है। आम जनता और कर्मचारी वर्ग दोनों ही इस खुलासे से हैरान हैं। लोगों का कहना है कि लंबे समय से इस तरह की गतिविधियां चल रही थीं, लेकिन पहली बार इसका सबूत कैमरे में कैद होकर सामने आया है।
क्या बनेगा राजनीतिक मुद्दा?
अब सवाल यह उठता है कि क्या निगम प्रशासन इस मामले पर सख्त कार्रवाई करेगा या फिर इसे भी अन्य मामलों की तरह दबा दिया जाएगा। विपक्षी दलों ने भी इस मुद्दे को गंभीरता से उठाते हुए निष्पक्ष जांच और दोषियों पर कड़ी कार्रवाई की मांग की है। भोपाल नगर निगम की साख को इस घटना ने करारा झटका दिया है। यदि प्रशासन ने समय रहते कार्रवाई नहीं की, तो यह मामला आने वाले दिनों में और भी बड़ा राजनीतिक मुद्दा बन सकता है। आम नागरिक अब इस बात की प्रतीक्षा कर रहे हैं कि सरकार और निगम प्रशासन इस भ्रष्टाचार के खिलाफ क्या कदम उठाते हैं।