भोपाल : मध्यप्रदेश में कांग्रेस एक बार फिर अपनी जड़ों को मजबूत करने में लगी है। इसी के चलते कांग्रेस ने बीते दिन अपने सभी प्रवक्ताओं को कार्यमुक्त कर, एक नए तरीके से प्रवक्ताओं का चयन करने का फैसला लिया है। इसी के चलते पार्टी द्वारा आज एक कमिटी का गठन किया गया है। जो टैलेंट के दम पर प्रवक्ताओं का चयन करेंगे।
टैलेंट हंट के लिए 11 सदस्यीय समिति का हुआ गठन
बता दें कि प्रदेश अध्यक्ष जीतू पटवारी ने 11 सदस्यीयों की कमिटी का गठन किया है। जिसके अध्यक्ष मुकेश नायक को बनाया गया है। जानकारी के अनुसार इस समिति में विधायक जयवर्धन सिंह, उप नेता प्रतिपक्ष हेमंत कटारे, विधायक आरिफ मसूद, विधायक विक्रांत भूरिया, विधायक महेश परमार, महेंद्र जोशी, शैलेंद्र पटेल, भूपेंद्र गुप्ता, मृणाल पंत, अपूर्व भारद्वाज और महिला कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष रीना बौरासी शामिल है।
नियुक्ति अब सिफारिश पर नहीं होगी
कांग्रेस ने तय किया है कि अब प्रवक्ताओं की नियुक्ति सिफारिश या पुराने रसूख के आधार पर नहीं, बल्कि टैलेंट के दम पर होगी. इसके लिए पार्टी एक 'टैलेंट हंट' अभियान शुरू करने जा रही है. इस प्रक्रिया के जरिए उन नेताओं को आगे लाया जाएगा जो टीवी डिबेट और सार्वजनिक मंचों पर पार्टी का पक्ष मजबूती और तर्कों के साथ रख सकें.
टैलेंट हंट की शुरुआत 5 फरवरी से
बता दें कि टैलेंट हंट की शुरुआत 5 फरवरी यानि की आज से हो गई है. पार्टी का लक्ष्य है कि युवाओं और काबिल चेहरों को मौका दिया जाए. जब तक नई नियुक्तियां नहीं हो जातीं, तब तक टीवी डिबेट और मीडिया के लिए पार्टी के मीडिया विभाग द्वारा ही नेताओं के नाम तय कर भेजे जाएंगे।