अगर मालवा : मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री मोहन यादव आज आगर मालवा जिले के नलखेड़ा दौरे पर रहेंगे। जहां पहले वो माता बगलामुखी के दर्शन कर विशेष पूजा अर्चना करेंगे। इसके बाद बगलामुखी लोक के प्रथम चरण के अंतर्गत होने वाले 85 करोड़ 40 लाख के विभिन्न विकास कार्यों का भूमि पूजन करेंगे। आगमन को लेकर तैयारियां जहां पूरी कर ली गई है। तो वही शहर में सुरक्षा के कड़े इंतजाम किये गए है।
दोपहर 03 बजे पहुंचेंगे सीएम नलखेड़ा
जानकारी के अनुसार, सीएम मोहन दोपहर 3.10 पर नलखेड़ा स्थित प्रसिद्ध माँ बगलामुखी की नगरी पहुंचेगे और माता रानी के दर्शन कर प्रदेश की सुख समृद्धि एवं खुशहाली की कामना करते हुए विशेष पूजा अर्चना करेंगे। इसके साथ ही सीएम उज्जैन में महर्षि वाल्मीकि जयंती और संत टेकचंदजी महाराज समाधि महोत्सव में शामिल होकर रात को भोपाल लौटेंगे।
55 एकड़ में बनेगा मां बगलामुखी देवी लोक
बता दें कि देवी लोक में मुख्य मंदिर का निर्माण 2,800 वर्गमीटर क्षेत्र में होगा। जिसमे शिखर 108 फीट ऊंचा बनाया जाएगा। साथ ही परिसर में धार्मिक अनुष्ठानों के लिए 220 यज्ञशालाएं बनाई जाएंगी। 625 वर्गमीटर क्षेत्र में गौशाला का निर्माण प्रस्तावित है।
वीवीआईपी भवन बनाया जाएगा
इसके साथ ही 4 प्रवेश द्वार, सुरक्षा के लिए बाउंड्रीवॉल और दर्शन-पूजा के लिए आने वाले विशिष्ट अतिथियों के लिए वीवीआईपी भवन बनाया जाएगा। परिसर में चारपहिया वाहनों और बसों के लिए अलग-अलग पार्किंग स्थल बनाए जाएंगे। इसके अलावा एडवांस टॉयलेट, गार्डन भी बनाए जाएंगे। प्लंबिंग और फायर ब्रिगेड की सुविधाएं भी मुहैया कराई जाएगी।