भोपाल: मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने आज भोपाल के स्टेट हैंगर से 'पीएमश्री हेली पर्यटन सेवा' के एक और महत्वपूर्ण सेक्टर का भव्य शुभारंभ किया। अब प्रदेश की राजधानी भोपाल सीधे ऐतिहासिक नगरी चंदेरी और राम राजा की नगरी ओरछा से हवाई मार्ग द्वारा जुड़ गई है। सीएम ने इस नई सेवा के हेलीकॉप्टर को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया और परशुराम जयंती के पावन अवसर पर प्रदेशवासियों को शुभकामनाएं दीं।
जहा भगवान राम, वहा पुष्पक विमान
शुभारंभ के मौके पर मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा कि ओरछा में भगवान श्री राम राजा के रूप में विराजमान हैं, ऐसे में वहां 'पुष्पक विमान' (हेलीकॉप्टर) सेवा का पहुंचना सौभाग्य की बात है। मुख्यमंत्री ने संबोधन के मुख्य बिंदु साझा किए राज्य में हेली सर्विसेज के आधार पर यह तीसरा बड़ा सेक्टर शुरू हुआ है। पर्यटन के क्षेत्र में आगे बढ़ते मध्य प्रदेश में अब घंटों का सफर मिनटों में तय होगा, जिससे पर्यटकों की सुविधा बढ़ेगी। सीएम ने याद दिलाया कि मध्य प्रदेश देश का पहला राज्य है जिसने एयर एम्बुलेंस सेवा की शुरुआत की है। आने वाले समय में मैहर, चित्रकूट और अन्य प्रमुख धार्मिक स्थलों को भी इसी तरह हवाई मार्ग से जोड़ा जाएगा।
किराया और पैकेज
यात्रियों की सुविधा के लिए पर्यटन विभाग ने किफायती किराए और विशेष सुविधाओं वाले पैकेज तैयार किए हैं। भोपाल से चंदेरी 5,500 रूपए प्रति व्यक्ति एक तरफ का किराया होगा। वही भोपाल से ओरछा 6,500 रूपए प्रति व्यक्ति एक तरफ का किराया होगा। इस एंड-टू-एंड सुविधा में न सिर्फ हवाई यात्रा शामिल है, बल्कि इसमें टैक्सी, वीआईपी दर्शन और प्रसाद की व्यवस्था भी शामिल की गई है।
सप्ताह में 5 दिन मिलेगी सेवा
यह सेवा आधुनिक 6-सीटर हेलीकॉप्टर के माध्यम से संचालित की जाएगी, जिसमें सुरक्षा और आराम का विशेष ध्यान रखा गया है। यह सेवा सप्ताह में 5 दिन उपलब्ध रहेगी। पर्यटक अपनी बुकिंग IRCTC और flyola पोर्टल के माध्यम से ऑनलाइन कर सकते हैं।
बढ़ता पर्यटन ग्राफ
सरकारी आंकड़ों के अनुसार, मध्य प्रदेश में हेली पर्यटन सेवा की लोकप्रियता तेजी से बढ़ रही है। अब तक 2,648 पर्यटक इन सेवाओं का लाभ उठा चुके हैं। चंदेरी और ओरछा के जुड़ने से विदेशी और स्थानीय पर्यटकों की संख्या में और अधिक उछाल आने की उम्मीद है।