रायपुर। बोर्ड परीक्षार्थियों के लिए इस बार बड़ी राहत की खबर सामने आई है। माध्यमिक शिक्षा मंडल द्वारा 10वीं और 12वीं की उत्तरपुस्तिकाओं का मूल्यांकन कार्य पूरी तरह से समाप्त कर लिया गया है। सूत्रों के मुताबिक, इस बार बोर्ड परीक्षा के परिणाम अप्रैल माह के अंत से पहले जारी किए जा सकते हैं।
फरवरी में हुई थी परीक्षा, प्रक्रिया हुई तेज
इस वर्ष बोर्ड ने परीक्षा प्रक्रिया को पहले से तेज करते हुए मार्च की बजाय फरवरी में ही परीक्षाएं आयोजित कर ली थीं। 10वीं में करीब 3.21 लाख और 12वीं में 2.45 लाख छात्र शामिल हुए थे। परिणामों को जल्द जारी करने के लिए मूल्यांकन कार्य को भी समयबद्ध तरीके से पूरा किया गया।
पेपर लीक से प्रभावित हुआ था शेड्यूल
12वीं कक्षा का हिंदी विषय का पेपर 14 मार्च को लीक होने के कारण दोबारा 10 अप्रैल को आयोजित किया गया था। इस वजह से 12वीं के मूल्यांकन कार्य में थोड़ी देरी हुई। हालांकि अब मूल्यांकन पूरा हो चुका है और रिजल्ट तैयार करने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। संभावना है कि 10वीं का रिजल्ट अप्रैल में ही जारी हो जाएगा, जबकि 12वीं के नतीजों में हल्की देरी देखने को मिल सकती है।
5वीं और 8वीं के परिणाम भी जल्द
राज्य के शासकीय और निजी स्कूलों में 5वीं और 8वीं की परीक्षाएं भी केंद्रीकृत स्तर पर आयोजित की गई थीं। अधिकांश स्कूलों में मूल्यांकन कार्य अंतिम चरण में है और इनके परिणाम भी अप्रैल के अंत तक घोषित होने की संभावना है। जो छात्र इन परीक्षाओं में सफल नहीं हो पाएंगे, उनके लिए पुनः परीक्षा का आयोजन किया जाएगा।
CBSE छात्रों का इंतजार भी खत्म होने के करीब
वहीं, CBSE बोर्ड के छात्रों के लिए भी अच्छी खबर है। 10वीं के परिणाम 15 से 20 अप्रैल के बीच जारी किए जा सकते हैं। छात्र अपना रिजल्ट आधिकारिक वेबसाइट और DigiLocker के माध्यम से देख सकेंगे। जिन छात्रों की APAAR ID पहले से लिंक है, वे सीधे DigiLocker पर अपना रिजल्ट एक्सेस कर पाएंगे। अन्य छात्रों को पहले DigiLocker पर अकाउंट बनाना होगा। इस बार बोर्ड परीक्षार्थियों को लंबे इंतजार से राहत मिलने वाली है। परीक्षा प्रक्रिया में बदलाव और समय पर मूल्यांकन के कारण परिणाम जल्दी घोषित होने जा रहे हैं, जिससे छात्रों को आगे की पढ़ाई और एडमिशन में सहूलियत मिलेगी।