Chardham Yatra 2025: भारत में चारधाम यात्रा 30 अप्रैल से शुरू हो गई है। ये यात्रा आगामी 6 नवंबर तक चलने वाली हैं, जिसके पांचवें दिन आज 4 मई को बद्रीनाथ धाम का कपाट खुल गया है। वहीं इससे पहले यमुनोत्री, गंगोत्री और केदारनाथ धाम के कपाट खोले गए हैं। कपाट खुलते ही भक्तों की भीड़ भगवान के दर्शन के लिए उमड़ पड़ी है। इस बीच गढ़वाल राइफल्स के बैंड ने पारंपरिक धुनें बजाकर और महिलाओं ने लोकगीत गाकर पूजा अर्चना की है। वहीं सीएम पुष्कर सिंह धामी भी यहां पर भगवान के दर्शन करने मंदिर पहुंचे। बतादें कि श्रद्धालु अब भगवान बद्रीविशाल के दर्शन 6 महीने तक कर सकेंगे।
हेलिकॉप्टर से श्रद्धालुओं पर पुष्पवर्षा:
बद्रीनाथ धाम मंदिर को 40 कुंटल फूलों से सजाया है। बद्रीनाथ के कपाट खुलने से पहले पुजारियों ने मंदिर के बाहर वैदिक मंत्रोच्चार किया। सुबह 6 बजे जैसे ही कपाट खुले हेलिकॉप्टर से श्रद्धालुओं पर पुष्पवर्षा की गई। इसके बाद गढ़वाल राइफल्स के बैंड ने पारंपरिक धुनें बजाईं। मुख्य द्वार के सामने भगवान के लिए लोकगीत गाकर उत्तराखंड की महिलाओं ने स्वागत किया है , और श्रद्धालुओं दर्शन के लिए धाम में तांता लगा हुआ है।
भारी संख्या में पहुंचे श्रद्धालु:
उत्तराखंड के सीएम पुष्कर सिंह धामी ने कहा-भगवान बद्री विशाल के कपाट खुल गए हैं। देशभर से भारी संख्या में श्रद्धालु पहुंचे हैं। मैं सभी श्रद्धालुओं का स्वागत करता हूं और प्रार्थना करता हूं कि उनकी यात्रा सुरक्षित रहे। प्रधानमंत्री के नेतृत्व में 'चार धाम' के लिए सभी मौसम के अनुकूल सड़कें बनाई गई हैं, बद्रीनाथ मास्टर प्लान पर काम किया जा रहा है, केदारनाथ का पुनर्निर्माण प्रक्रिया में है। केदारनाथ और हेमकुंड के लिए रोपवे को मंजूरी दी गई है।
जानिए कब तक जारी रहेगी चारधाम यात्रा:
जानकारी के मुताबिक अक्षय तृतीया के दिन 30 अप्रैल को सुबह 10.30 बजे सबसे पहले गंगोत्री धाम के कपाट खोले गए थे। 30 अप्रैल को सुबह 11:55 बजे यमुनोत्री के कपाट खोले गए। 2 मई को केदारनाथ धाम के कपाट खोले गए थे। अब बद्रीनाथ धाम के कपाट खुल गए हैं। चारों धामों के कपाट खुलते ही चारधाम यात्रा पूरी तरह से शुरू हो गई है। 22 अक्टूबर तक गंगोत्री के कपाट खुले रहेंगे। यमुनोत्री के कपाट 23 अक्टूबर को बंद होंगे। केदारनाथ के कपाट 23 अक्टूबर को बंद होंगे। बद्रीनाथ के कपाट 6 नवंबर 2025 तक खुले रहेंगे।