रायपुर। छत्तीसगढ़ हाईकोर्ट को नया मुख्य न्यायाधीश मिल गया है। जस्टिस कृष्ण राम महापात्र ने सोमवार को छत्तीसगढ़ हाईकोर्ट के 16वें मुख्य न्यायाधीश के रूप में शपथ ग्रहण की। राजधानी रायपुर स्थित लोकभवन में आयोजित गरिमामय समारोह में राज्यपाल रमेन डेका ने उन्हें पद एवं गोपनीयता की शपथ दिलाई। शपथ ग्रहण समारोह में मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय, उपमुख्यमंत्री अरुण साव और विजय शर्मा, मुख्य सचिव विकास शील समेत शासन और प्रशासन से जुड़े कई वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे। जस्टिस महापात्र के पदभार ग्रहण करने के साथ ही हाईकोर्ट में स्थायी मुख्य न्यायाधीश की नियुक्ति को लेकर चल रहा इंतजार समाप्त हो गया।
अब संभालेंगे हाईकोर्ट का न्यायिक और प्रशासनिक नेतृत्व
मुख्य न्यायाधीश का पद संभालने के बाद जस्टिस कृष्ण राम महापात्र के पास छत्तीसगढ़ हाईकोर्ट के न्यायिक कार्यों के साथ-साथ प्रशासनिक व्यवस्था की महत्वपूर्ण जिम्मेदारी भी होगी। उनके नेतृत्व में हाईकोर्ट की न्यायिक प्रक्रिया और प्रशासनिक कार्यों को आगे बढ़ाया जाएगा। इससे पहले जस्टिस संजय कुमार अग्रवाल हाईकोर्ट के कार्यवाहक मुख्य न्यायाधीश के तौर पर जिम्मेदारी संभाल रहे थे। अब जस्टिस महापात्र के शपथ लेने के बाद हाईकोर्ट को स्थायी मुख्य न्यायाधीश मिल गया है।
समारोह में मौजूद रहे कई वरिष्ठ अधिकारी
लोकभवन में हुए शपथ ग्रहण कार्यक्रम में प्रदेश सरकार के शीर्ष पदाधिकारी और वरिष्ठ प्रशासनिक अधिकारी मौजूद रहे। राज्यपाल द्वारा शपथ दिलाए जाने के बाद जस्टिस कृष्ण राम महापात्र ने औपचारिक रूप से मुख्य न्यायाधीश के रूप में कार्यभार संभाल लिया। उनकी नियुक्ति को छत्तीसगढ़ हाईकोर्ट के न्यायिक प्रशासन के लिहाज से महत्वपूर्ण माना जा रहा है।
