एमसीबी। भरतपुर-सोनहत भाजपा में एल्डरमैन नियुक्तियों को लेकर संगठन के भीतर असंतोष खुलकर सामने आ गया। जिला स्तरीय कार्यकर्ता सम्मेलन के दौरान मनेन्द्रगढ़ स्थित सांस्कृतिक भवन के बाहर बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ताओं ने विरोध प्रदर्शन करते हुए जिलाध्यक्ष चंपा देवी पावले के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। एल्डरमैन की सूची जारी होने के बाद कार्यकर्ताओं ने नियुक्ति प्रक्रिया पर सवाल उठाते हुए इसे पक्षपातपूर्ण बताया।
'स्थानीय कार्यकर्ताओं की अनदेखी' का आरोप
प्रदर्शन कर रहे कार्यकर्ताओं का आरोप है कि एल्डरमैन नियुक्तियों में वर्षों से संगठन के लिए सक्रिय और जमीनी स्तर पर काम करने वाले कार्यकर्ताओं को नजरअंदाज कर दिया गया। उनका कहना है कि सूची में ऐसे लोगों को शामिल किया गया है, जो संबंधित क्षेत्र के मतदाता तक नहीं हैं। इससे लंबे समय से पार्टी के लिए काम कर रहे कार्यकर्ताओं में नाराजगी बढ़ गई है।
नियुक्तियों की समीक्षा की मांग
कार्यकर्ताओं ने आरोप लगाया कि नियुक्तियों में पारदर्शिता नहीं बरती गई और मनमाने तरीके से नाम तय किए गए। उन्होंने पार्टी नेतृत्व से मांग की कि जारी सूची की दोबारा समीक्षा की जाए और भविष्य में स्थानीय, सक्रिय एवं समर्पित कार्यकर्ताओं को प्राथमिकता दी जाए।
कई वरिष्ठ कार्यकर्ता प्रदर्शन में हुए शामिल
विरोध प्रदर्शन में पूर्व नगर पंचायत अध्यक्ष एवं वर्तमान पार्षद धीरेंद्र विश्वकर्मा, पार्षद इरशाद अहमद, जितेंद्र गुप्ता, पूर्व मंडल अध्यक्ष विनोद गुप्ता सहित हसदेव मंडल के झगराखंड, लेदरी और खोंगापानी क्षेत्र के बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ता शामिल हुए। प्रदर्शन के दौरान जिलाध्यक्ष के खिलाफ नारे लगाए गए और नियुक्तियों पर पुनर्विचार की मांग की गई।
जिलाध्यक्ष की प्रतिक्रिया का इंतजार
एल्डरमैन नियुक्तियों को लेकर उठे इस विवाद पर खबर लिखे जाने तक भाजपा जिलाध्यक्ष चंपा देवी पावले की ओर से कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई थी। अब पार्टी नेतृत्व इस नाराजगी को किस तरह संभालता है, इस पर सभी की नजरें टिकी हैं।