नई दिल्ली। सलमान खान के चर्चित रियलिटी शो ‘बिग बॉस 20’ का आगाज होते ही घर के अंदर रिश्तों और विवादों का सिलसिला शुरू हो गया है। शो के शुरुआती दौर में ही कंटेस्टेंट्स के बीच तीखी नोकझोंक देखने को मिल रही है। इसी बीच 23 वर्षीय एक्ट्रेस और सोशल मीडिया इंफ्लुएंसर अरिश्फा खान अपने बेबाक अंदाज को लेकर सुर्खियों में आ गई हैं।
बच्चा कहे जाने पर भड़कीं अरिश्फा
बिग बॉस के नए प्रोमो में अरिश्फा खान और भोजपुरी अभिनेत्री आम्रपाली दुबे के बीच जोरदार बहस होती दिखाई दे रही है। विवाद की शुरुआत उस वक्त हुई जब अरिश्फा ने घर के सदस्यों द्वारा उन्हें बार-बार ‘बच्चा’ कहे जाने पर नाराजगी जताई। अरिश्फा की शिकायत से आम्रपाली दुबे भी परेशान नजर आईं और उन्होंने उन्हें बात खत्म करने के लिए कहा। इसके बाद दोनों के बीच बातचीत तेजी से बहस में बदल गई। प्रोमो में अरिश्फा आम्रपाली से कहती नजर आती हैं कि भले ही उन्हें बच्ची समझा जा रहा हो, लेकिन उनका दिमाग काफी तेज है। इस पर आम्रपाली पलटकर उन्हें जवाब देती हैं कि अगर उनका दिमाग इतना तेज होता तो वह छोटी-सी बात को लेकर इतना मुद्दा नहीं बनातीं।
‘मेरी रील ऐसे ही कट जाती हैं’
आम्रपाली की बात सुनकर अरिश्फा का गुस्सा और बढ़ जाता है। वह जवाब देते हुए कहती हैं कि उन्हें अपनी रील कटवाने के लिए किसी की जरूरत नहीं है, क्योंकि उनकी रील पहले से ही काफी चलती हैं। बहस के दौरान अरिश्फा खुद को अकेले ही काफी बताते हुए घर के सदस्यों को चुनौती देती नजर आती हैं। उनका आक्रामक अंदाज देखकर घर का माहौल काफी गर्म हो जाता है।
अरिश्फा के तेवर से माही विज भी हुईं नाराज
मामला यहीं नहीं रुका। बहस के दौरान अरिश्फा ने कुछ घरवालों को ‘दोगला’ तक कह दिया। यह बात अभिनेत्री माही विज को नागवार गुजरी और उन्होंने भी अरिश्फा को जवाब देना शुरू कर दिया। इसके बाद बिग बॉस हाउस में कई कंटेस्टेंट्स के बीच बहस का माहौल बन गया। प्रोमो में अरिश्फा लगातार अपनी बात पर कायम दिखाई देती हैं और सामने वाले कंटेस्टेंट्स से भिड़ती नजर आती हैं।
उम्र को लेकर भी हो रही चर्चा
अरिश्फा खान की उम्र 23 वर्ष बताई जा रही है, जबकि आम्रपाली दुबे 39 साल की और माही विज 44 साल की हैं। ऐसे में उम्र में बड़ी अभिनेत्रियों से बहस करने को लेकर सोशल मीडिया पर अरिश्फा के रवैये की चर्चा तेज हो गई है। कुछ दर्शक उनके तेवर को लेकर सवाल उठा रहे हैं, तो वहीं कुछ सोशल मीडिया यूजर्स उनके आत्मविश्वास और बेबाक अंदाज की तारीफ भी कर रहे हैं। अब यह देखना दिलचस्प होगा कि बिग बॉस के घर में यह विवाद आगे किस दिशा में जाता है।
पहले ही दौर में बढ़ा मनोरंजन का तड़का
‘बिग बॉस 20’ की शुरुआत में ही कंटेस्टेंट्स के बीच इस तरह की तकरार ने दर्शकों की दिलचस्पी बढ़ा दी है। अरिश्फा खान का आम्रपाली दुबे और माही विज के साथ हुआ विवाद आने वाले एपिसोड में कितना बड़ा रूप लेता है, यह देखने के लिए दर्शक उत्सुक हैं।