रायपुर। केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह आज छत्तीसगढ़ के दौरे पर रायपुर पहुंचे हैं, जहां वे एक निजी होटल में विभागीय समीक्षा बैठकों की श्रृंखला लेंगे। इन बैठकों में मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय और राज्य के गृहमंत्री विजय शर्मा भी मौजूद रहेंगे। सुबह 11 बजे से बैठकों का दौर शुरू होगा।
पहले दिन विभागीय समीक्षा बैठक:
पहली विभागीय समीक्षा बैठक 11 बजे से 12:45 बजे तक आयोजित की जाएगी,जबकि दूसरी बैठक 12:45 बजे से दोपहर 2 बजे तक चलेगी। इसके बाद 2 बजे से 3 बजे तक भोजन अवकाश निर्धारित किया गया है। दोपहर बाद 3 बजे से 4:15 बजे तक होने वाली बैठक में वामपंथी उग्रवाद (LWE) प्रभावित क्षेत्रों की विशेष समीक्षा की जाएगी। इस दौरान नक्सलवाद, आंतरिक सुरक्षा और कानून-व्यवस्था से जुड़े महत्वपूर्ण मुद्दों पर विस्तृत मंथन होने की संभावना है। बैठकों में केंद्र और राज्य सरकार के वरिष्ठ अधिकारी भी शामिल होंगे।
दूसरे दिन बस्तर पंडुम के समापन समारोह:
गृह मंत्री अमित शाह अपने दौरे के दूसरे दिन बस्तर पंडुम के समापन समारोह में भी शामिल होंगे, जिसे राज्य सरकार का महत्वपूर्ण सांस्कृतिक और प्रशासनिक कार्यक्रम माना जा रहा है। शाह का यह दौरा नक्सल प्रभावित क्षेत्रों में सुरक्षा रणनीति और विकास कार्यों की दिशा तय करने के लिहाज से अहम माना जा रहा है।