भोपाल। मध्यप्रदेश में चक्रवाती तूफान अर्नब का प्रभाव लगातार बना हुआ है। बंगाल की खाड़ी से उठे इस तूफान के कारण प्रदेश के कई हिस्सों में बीते दो दिनों से मौसम का मिजाज बदला हुआ है। कहीं तेज हवाओं के साथ बारिश हो रही है, तो कहीं बादलों की आवाजाही जारी है। मौसम विभाग के अनुसार, 2 नवंबर तक प्रदेश में इसका असर देखने को मिल सकता है।
ग्वालियर, जबलपुर समेत 33 जिलों में बारिश का अलर्ट
तो वही मौसम विभाग ने आज ग्वालियर, जबलपुर समेत प्रदेश के 33 जिलों में आंधी और बारिश की संभावना जताई है। राजगढ़, विदिशा, नीमच, आगर-मालवा, मंदसौर, ग्वालियर, गुना, शिवपुरी, दतिया, अशोकनगर, छतरपुर, टीकमगढ़ और निवाड़ी में विशेष सतर्कता बरतने की चेतावनी जारी की गई है।
भोपाल में साफ रहेगा मौसम
वहीं भोपाल, रायसेन, सीहोर, नरसिंहपुर, सिवनी, छिंदवाड़ा, पांढुर्णा और बुरहानपुर में मौसम अपेक्षाकृत साफ रहने तथा धूप निकलने की संभावना है।
बारिश और सर्द हवाओं ने बदला मौसम
लगातार हो रही बारिश और ठंडी हवाओं के चलते प्रदेश के तापमान में गिरावट दर्ज की गई है। इससे लोगों को गर्मी से राहत मिली है और मौसम में ठंडक बढ़ गई है। मौसम विभाग ने अगले चार दिनों तक मौसम में उतार-चढ़ाव बने रहने का अनुमान जताया है।