भोपाल : मध्य प्रदेश में हर बार की तरह इस बार भी श्रीकृष्ण जन्माष्टमी का पर्व धूमधाम के साथ मनाया जाएगा। जिसको लेकर तैयारियां जहां शुरू कर दी गई है। तो वही प्रदेश के करीब 81 प्रमुख श्रीकृष्ण मंदिरों और धार्मिक स्थलों पर विशेष कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। साथ ही मंदिरों को आकर्षक ढंग से सजाने के साथ साथ भजन-कीर्तन, झांकियां और सामूहिक आरती जैसे आयोजन भी किए जाएंगे।
मुख्यमंत्री निवास में होगा विशेष आयोजन
इतना ही नहीं 4 सितंबर 2026 को जन्माष्टमी के अवसर पर मुख्यमंत्री निवास में भी विशेष कार्यक्रम का आयोजन किया गया है। यहां 1000 से अधिक बच्चों को बाल श्रीकृष्ण के स्वरूप में तैयार कर उनके परिजनों के साथ आमंत्रित किया जाएगा। कार्यक्रम के दौरान भक्ति गायन, लोकनृत्य और मटकी फोड़ जैसी गतिविधियां आकर्षण का केंद्र रहेंगी।
विद्यार्थियों के लिए मटकी फोड़ और बांसुरी प्रतियोगिता
सरकार ने स्कूलों में भी जन्माष्टमी से जुड़े आयोजन कराने की तैयारी की है। विद्यार्थियों के लिए मटकी फोड़ और बांसुरी प्रतियोगिता के साथ भगवान श्रीकृष्ण के जीवन से जुड़े प्रसंगों पर भाषण प्रतियोगिता कराई जाएगी। इसके अलावा बच्चों द्वारा जीवंत झांकियां तैयार की जाएंगी।
तैयारियां तेज
प्रदेशभर के कृष्ण मंदिरों में जन्माष्टमी को लेकर तैयारियां तेज हो गई हैं। धार्मिक स्थलों पर श्रद्धालुओं की सुविधा और आयोजन के बेहतर प्रबंधन के लिए भी व्यवस्थाएं की जा रही हैं। सरकार का उद्देश्य जन्माष्टमी को धार्मिक उत्सव के साथ सांस्कृतिक आयोजन के रूप में भी भव्यता से मनाना है।