भोपाल : मध्य प्रदेश में मानसून की विदाई का समय जैसे जैसे पास आ रहा है। वैसे ही प्रदेश में बारिश की गतिविधियां तेज होती नजर आ रही है। मौसम विभाग के अनुसार, 19 सितंबर के बाद एक नया सिस्टम एक्टिव होगा। जिसके चलते प्रदेश के अधिकतर हिस्सों में जमकर बारिश होगी। 17 से 19 सितंबर के बीच पश्चिमी मध्यप्रदेश में बारिश की गतिविधियां अधिक रह सकती हैं।
पूर्वी हिस्सों में मौसम सक्रिय रहने के आसार
वहीं, 18 से 21 सितंबर के बीच प्रदेश के पूर्वी हिस्सों में मौसम सक्रिय रहने के आसार हैं। कुछ स्थानों पर तेज बारिश हो सकती है, जबकि कई क्षेत्रों में हल्की बारिश देखने को मिल सकती है।
19 सितंबर के बाद नया सिस्टम होगा एक्टिव
मौसम विशेषज्ञों के मुताबिक 19 सितंबर के बाद प्रदेश में एक नया मौसम सिस्टम सक्रिय हो सकता है। यदि यह सिस्टम मजबूत रहा तो सितंबर के अंतिम सप्ताह में अच्छी बारिश होने की संभावना बन सकती है। इससे प्रदेश में बारिश के आंकड़े में और बढ़ोतरी हो सकती है।
मध्यप्रदेश में 33 इंच बारिश दर्ज
इस मानसून सीजन में अब तक मध्यप्रदेश में करीब 33 इंच बारिश दर्ज की जा चुकी है, जो सामान्य औसत से लगभग 88.5 प्रतिशत अधिक है। भोपाल और ग्वालियर समेत 18 जिलों में सामान्य से ज्यादा बारिश रिकॉर्ड हुई है। अब मानसून की विदाई से पहले होने वाली बारिश पर सभी की नजरें टिकी हैं।