मैहर। शारदीय नवरात्रि के शुभारंभ के साथ ही मैहर स्थित मां शारदा मंदिर में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ पड़ी। देश के अलग-अलग हिस्सों से भक्त माता के दर्शन के लिए पहुंच रहे हैं। नवरात्रि के पहले दिन मां शारदा की शैलपुत्री स्वरूप में पूजा-अर्चना की गई। इसके बाद श्रद्धालुओं के लिए मंदिर के कपाट खोले गए, जहां सुबह से ही दर्शन का सिलसिला जारी हैं।
70 हजार से अधिक श्रद्धालु ने किए दर्शन
बताया जा रहा हैं कि नवरात्रि शुरू होने से पहले ही मंदिर परिसर में भक्तों का पहुंचना शुरू हो गया था। मध्यरात्रि से श्रद्धालुओं की लंबी कतारें लग गईं। सुबह होते-होते दर्शन के लिए भक्तों की भीड़ और बढ़ गई। जानकारी के अनुसार, पहले दिन मध्यरात्रि से सुबह 11 बजे तक 70 हजार से अधिक श्रद्धालु मां शारदा के दर्शन कर चुके थे।
सुरक्षा के लिए 650 से अधिक पुलिसकर्मी तैनात
श्रद्धालुओं की भारी संख्या को देखते हुए प्रशासन और मंदिर प्रबंधन ने सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए हैं। मंदिर परिसर और आसपास के क्षेत्रों में 650 से अधिक पुलिसकर्मियों की तैनाती की गई है, ताकि दर्शन व्यवस्था सुचारू बनी रहे और भक्तों को परेशानी का सामना न करना पड़े।
CCTV और ड्रोन से निगरानी
मंदिर परिसर की सुरक्षा के लिए 114 से अधिक सीसीटीवी कैमरे लगाए गए हैं। इसके अलावा ड्रोन के माध्यम से भी निगरानी की जा रही है। प्रशासन का उद्देश्य भीड़ को नियंत्रित रखने और किसी भी अप्रिय स्थिति से बचने के लिए सुरक्षा व्यवस्था पर लगातार नजर बनाए रखना है।
मां शारदा के प्रति श्रद्धालुओं की गहरी आस्था
नवरात्रि के पहले दिन मैहर में उमड़ी भारी भीड़ से मां शारदा के प्रति श्रद्धालुओं की गहरी आस्था का अंदाजा लगाया जा सकता है। आने वाले दिनों में भी बड़ी संख्या में भक्तों के पहुंचने की संभावना है। ऐसे में भक्तों को दर्शन में किसी तरह की दिक्कत न हो इसपर खास घ्यान दिया जा रहा है।