छत्तीसगढ़ के नक्सल प्रभावित कांकेर जिले में सुरक्षा बलों को एक बड़ा झटका लगा है। डिमाइनिंग ऑपरेशन के दौरान हुए IED विस्फोट में DRG (डिस्ट्रिक्ट रिजर्व गार्ड) के 4 जवानों की शहादत हो गई। इस घटना ने पूरे बस्तर क्षेत्र में शोक और चिंता का माहौल पैदा कर दिया है।
नक्सलियों द्वारा लगाए गए IED में हुआ धमाका
जानकारी के मुताबिक, यह घटना 2 मई को छोटेबेठिया थाना क्षेत्र के अंतर्गत कांकेर और नारायणपुर की सीमा के पास हुई। DRG की टीम इलाके में सर्चिंग और एरिया डॉमिनेशन अभियान चला रही थी, साथ ही डिमाइनिंग ऑपरेशन भी जारी था।
इसी दौरान जवानों को एक संदिग्ध IED मिला, जिसे निष्क्रिय करने की कोशिश की जा रही थी। तभी अचानक जोरदार विस्फोट हो गया और कई जवान इसकी चपेट में आ गए।
इंस्पेक्टर सहित जवानों ने दी शहादत
इस दर्दनाक घटना में DRG के प्रभारी इंस्पेक्टर सुखराम वट्टी, कॉन्स्टेबल कृष्णा कोमरा और कॉन्स्टेबल संजय गढ़पाले की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं गंभीर रूप से घायल कॉन्स्टेबल परमानंद कोर्राम को इलाज के लिए अस्पताल ले जाया गया, जहां उन्होंने भी दम तोड़ दिया।इस हादसे में कुल 4 जवानों की शहादत हुई, जिसने पूरे सुरक्षा तंत्र को झकझोर कर रख दिया है।
लगातार बरामद हो रहे हैं IED, खतरा अभी भी बरकरार
बस्तर रेंज के आईजी सुंदरराज पट्टिलिंगम के अनुसार, पिछले कुछ महीनों में आत्मसमर्पण कर चुके नक्सलियों से मिली जानकारी के आधार पर बड़ी संख्या में IED बरामद कर निष्क्रिय किए गए हैं।
इसके बावजूद, जंगलों और दुर्गम इलाकों में अब भी कई विस्फोटक छिपे होने की आशंका है, जो सुरक्षा बलों के लिए बड़ा खतरा बने हुए हैं।