शाजापुर। मध्य प्रदेश सहित देशभर में शिक्षक दिवस पर शिक्षा के क्षेत्र में उत्कृष्ट काम करने वाले टीचर्स का आज राज्य और जिले स्तर पर सम्मान किया गया। इसी कड़ी में आज शाजापुर में भी शिक्षा के क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान देने वाले 29 शिक्षक-शिक्षिकाओं को भी सम्मानित किया गया। इसके साथ ही कक्षा 10वीं एवं 12वीं बोर्ड परीक्षा में शहर में सर्वाधिक अंक हासिल करने वाले 8 मेधावी विद्यार्थियों का सम्मान किया गया।
समारोह में विधायक अरुण भीमावद रहे मौजूद
समारोह में विधायक अरुण भीमावद, नगरपालिका अध्यक्ष प्रेम जैन, नगरपालिका सीएमओ भूपेंद्र कुमार दीक्षित, पार्षदगण सहित गणमान्य नागरिक, शिक्षक-शिक्षिकाएं और विद्यार्थी मौजूद रहे। इस दौरान सम्मानित शिक्षकों को शॉल, श्रीफल एवं मां राजराजेश्वरी माता की तस्वीर भेंट कर सम्मानित किया गया। वहीं बोर्ड परीक्षा में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को भी सम्मानित कर उनकी उपलब्धियों की सराहना की गई।
नगरपालिका परिषद के सभाकक्ष में किया गया सम्मानित
कार्यक्रम का आयोजन नगरपालिका परिषद के सभाकक्ष में किया गया था। जहां कार्यक्रम को संबोधित करते हुए विधायक अरुण भीमावद ने कहा कि शिक्षक समाज और राष्ट्र निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। शिक्षक विद्यार्थियों को शिक्षा के साथ संस्कार देकर उनके भविष्य को दिशा प्रदान करते हैं। उन्होंने कहा कि प्रतिभावान विद्यार्थियों का सम्मान और प्रोत्साहन उनके आत्मविश्वास को बढ़ाता है। ऐसे आयोजन शिक्षकों और विद्यार्थियों के उत्साहवर्धन के लिए महत्वपूर्ण हैं। कार्यक्रम के अंत में अतिथियों ने सम्मानित सभी शिक्षक-शिक्षिकाओं एवं विद्यार्थियों के उज्ज्वल भविष्य की कामना की।