रायपुर। दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे के नागपुर मंडल में गर्डर डी-लॉन्चिंग कार्य के कारण अस्थायी रूप से रद्द की गई 13 मेमू पैसेंजर ट्रेनों को रेलवे प्रशासन ने फिर से बहाल कर दिया है। ट्रेनों के एक साथ रद्द होने से रायपुर से डोंगरगढ़, गोंदिया और इतवारी की ओर यात्रा करने वाले यात्रियों को पिछले दिनों काफी परेशानी का सामना करना पड़ रहा था। रेलवे अधिकारियों के मुताबिक प्रस्तावित ट्रैफिक कम पावर ब्लॉक के कारण 13 और 14 मार्च 2026 को कई यात्री ट्रेनों को अस्थायी रूप से निरस्त किया गया था।
तकनीकी कार्य सफलतापूर्वक पूरा:
हालांकि निर्धारित समय से पहले ही 6 और 7 मार्च को तकनीकी कार्य सफलतापूर्वक पूरा कर लिया गया। इसके बाद यात्रियों की सुविधा को देखते हुए पहले से रद्द की गई सभी ट्रेनों को उनके निर्धारित समय के अनुसार फिर से चालू कर दिया गया है। अब रायपुर से नागपुर रूट की ओर यात्रा करने वाले यात्रियों को पहले की तरह पर्याप्त ट्रेनें उपलब्ध होंगी, जिससे रोजाना सफर करने वाले यात्रियों और कामकाजी लोगों को बड़ी राहत मिलेगी।
मैहर स्टेशन में रुकेगी दुर्ग–नौतनवा एक्सप्रेस:
मध्य प्रदेश के मैहर में आयोजित होने वाले चैत्र नवरात्रि मेले को ध्यान में रखते हुए रेलवे प्रशासन ने श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए 18201 दुर्ग–नौतनवा एक्सप्रेस और 18202 नौतनवा–दुर्ग एक्सप्रेस को अस्थायी रूप से मैहर स्टेशन पर ठहराव देने का निर्णय लिया है। 18201 दुर्ग–नौतनवा एक्सप्रेस: 18 से 28 मार्च तक मैहर स्टेशन पर ठहरेगा, इसका आगमन सुबह 5:35 बजे और प्रस्थान सुबह 5:40 बजे होगा, 18202 नौतनवा–दुर्ग एक्सप्रेस 20 से 29 मार्च तक मैहर स्टेशन पर ठहरेगी, इस व्यवस्था से चैत्र नवरात्रि में मां शारदा के दर्शन के लिए आने वाले श्रद्धालुओं को बड़ी सुविधा मिलेगी।
शालीमार–एलटीटी एक्सप्रेस में अतिरिक्त कोच:
यात्रियों की बढ़ती भीड़ को देखते हुए रेलवे प्रशासन ने 18030/18029 शालीमार–एलटीटी–शालीमार एक्सप्रेस में अस्थायी रूप से एक अतिरिक्त एसी-3 और एक स्लीपर कोच जोड़ने का फैसला किया है। 18030 शालीमार–एलटीटी एक्सप्रेस: 14 से 20 मार्च 2026 तक अतिरिक्त कोच, 18029 एलटीटी–शालीमार एक्सप्रेस: 16 से 22 मार्च 2026 तक अतिरिक्त कोच इससे यात्रियों को कंफर्म बर्थ मिलने की संभावना बढ़ेगी।
ये मेमू पैसेंजर ट्रेनें फिर से हुईं बहाल:
रेलवे द्वारा बहाल की गई प्रमुख मेमू पैसेंजर ट्रेनों में शामिल है-।
68721 रायपुर – डोंगरगढ़ मेमू पैसेंजर
68723 डोंगरगढ़ – गोंदिया मेमू पैसेंजर
68724 गोंदिया – रायपुर मेमू पैसेंजर
68741 दुर्ग – गोंदिया मेमू पैसेंजर
68742 गोंदिया – दुर्ग मेमू पैसेंजर
68743 गोंदिया – नेताजी सुभाष चंद्र बोस इतवारी मेमू पैसेंजर
68744 नेताजी सुभाष चंद्र बोस इतवारी – गोंदिया मेमू पैसेंजर।
यात्रियों को मिलेगी नियमित रेल सुविधा:
रेलवे अधिकारियों का कहना है कि ट्रेनों की बहाली से रायपुर, दुर्ग, डोंगरगढ़ और नागपुर रूट के यात्रियों को अब पहले की तरह नियमित रेल सुविधा मिल सकेगी।