मुंबई। बॉलीवुड स्टार Ranveer Singh की मोस्ट अवेटेड फिल्म ‘Dhurandhar 2: The Revenge’ रिलीज से पहले ही बॉक्स ऑफिस पर धमाका करती नजर आ रही है। फिल्म 19 मार्च को सिनेमाघरों में रिलीज होने वाली है, लेकिन उससे पहले ही इसके पेड प्रीव्यू शोज की एडवांस बुकिंग ने शानदार रिकॉर्ड बना दिया है। रिपोर्ट्स के मुताबिक फिल्म को लेकर फैंस में जबरदस्त क्रेज देखने को मिल रहा है। इसी वजह से मेकर्स ने रिलीज से एक दिन पहले यानी 18 मार्च को पेड प्रीव्यू शोज रखने का फैसला किया है। इन शोज की टिकटें तेजी से बिक रही हैं और एडवांस बुकिंग के आंकड़े लगातार बढ़ते जा रहे हैं।
पेड प्रीव्यू में ही 24 करोड़ से ज्यादा की कमाई:
ट्रेड वेबसाइट Sacnilk के आंकड़ों के अनुसार 13 मार्च सुबह 9 बजे तक ‘धुरंधर 2’ के पेड प्रीव्यू शोज के लिए 4,77,981 टिकटों की एडवांस बुकिंग हो चुकी है। इन टिकटों के जरिए फिल्म ने अब तक करीब 24.46 करोड़ रुपये की कमाई कर ली है। वहीं अगर ब्लॉक सीटों को भी इसमें शामिल कर लिया जाए तो यह आंकड़ा लगभग 29.40 करोड़ रुपये तक पहुंच जाता है।
पहले पार्ट के ओपनिंग डे कलेक्शन से भी आगे:
दिलचस्प बात यह है कि पेड प्रीव्यू शोज से हुई यह कमाई फिल्म के पहले पार्ट ‘Dhurandhar’ के ओपनिंग डे कलेक्शन से भी ज्यादा है। पहले भाग ने रिलीज के पहले दिन करीब 28 करोड़ रुपये का कारोबार किया था, जबकि ‘धुरंधर 2’ पेड प्रीव्यू में ही इस आंकड़े को पार करने के करीब पहुंच चुकी है। इससे साफ है कि फिल्म को लेकर दर्शकों में जबरदस्त उत्साह है।
देशभर में 9000 से ज्यादा शोज:
शुरुआत में फिल्म के पेड प्रीव्यू शोज 7500 रखे गए थे, लेकिन बढ़ती मांग को देखते हुए इन्हें बढ़ाकर 9103 शोज कर दिया गया है। पहला प्रीमियर शो 18 मार्च को शाम 5 बजे शुरू होगा, जबकि आखिरी शो रात 11:30 बजे तक चलेगा। फिल्म का रनटाइम लगभग 3 घंटे 55 मिनट बताया जा रहा है।
पहले दिन 100 करोड़ पार करने का अनुमान:
ट्रेड एक्सपर्ट्स का मानना है कि पेड प्रीव्यू और ओपनिंग डे की कमाई को मिलाकर फिल्म पहले ही दिन 100 करोड़ रुपये का आंकड़ा पार कर सकती है। अगर ऐसा होता है तो यह बॉलीवुड की अब तक की सबसे बड़ी ओपनर फिल्मों में शामिल हो सकती है। फिलहाल यह रिकॉर्ड Shah Rukh Khan की फिल्म Jawan के नाम है, जिसने पहले दिन करीब 75 करोड़ रुपये का कलेक्शन किया था।