उत्तर छत्तीसगढ़ के अंबिकापुर में कलेक्टर ने बड़ा प्रशासनिक कदम उठाते हुए 12 राजस्व निरीक्षकों (आरआई) का स्थानांतरण आदेश जारी किया है। आदेश को तत्काल प्रभाव से लागू कर दिया गया है। स्पष्ट किया गया है कि 3 मार्च 2026 के अपरान्ह की स्थिति में सभी अधिकारियों को एकतरफा भारमुक्त कर दिया गया है।
लोकहित और प्रशासनिक दक्षता का हवाला
जारी आदेश में उल्लेख किया गया है कि प्रशासनिक दक्षता बढ़ाने, कार्यों के बेहतर निष्पादन और लोकहित को ध्यान में रखते हुए यह निर्णय लिया गया है। सभी स्थानांतरित राजस्व निरीक्षकों को बिना प्रतीक्षा अवधि के सीधे नए पदस्थापन स्थल पर ज्वाइन करने के निर्देश दिए गए हैं। कलेक्टर के इस निर्णय को कड़ा संदेश माना जा रहा है। इससे तबादला रुकवाने या संशोधन की संभावनाओं पर फिलहाल विराम लग गया है।
पहले पटवारी, अब राजस्व निरीक्षक
गौरतलब है कि इससे पहले कलेक्टर ने दो चरणों में पटवारियों के भी तबादले किए थे। पहली सूची में 65 और दूसरी सूची में लगभग 65 पटवारियों का स्थानांतरण किया गया था। कई कर्मचारी लंबे समय से एक ही स्थान पर पदस्थ थे। अब राजस्व निरीक्षकों के तबादले से जिले के राजस्व अमले में व्यापक फेरबदल हो गया है।
नियमों के तहत जारी आदेश
यह स्थानांतरण आदेश छत्तीसगढ़ भू-राजस्व संहिता, भू-अभिलेख नियमावली (भाग-2) और राजस्व पुस्तक परिपत्र खंड-पांच की कंडिका-16 के प्रावधानों के तहत जारी किया गया है। राजस्व एवं आपदा प्रबंधन विभाग, मंत्रालय नवा रायपुर के निर्देशों के अनुरूप कार्रवाई की गई है।
जिन अधिकारियों का हुआ तबादला
स्थानांतरित किए गए राजस्व निरीक्षकों में अखिलेश कुमार सिंह, राजनंदन राजवाड़े, राजेंद्र राम, धर्मेंद्र कुमार धर दुबे, अफताब अहमद, धर्मजीत मिंज, पुनी राम पैंकरा, प्रेमशंकर राम, सुरेंद्र कुमार कुजूर, हूल सिंह, राहुल सिंह और कीर्ति सिंह शामिल हैं।